केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा- दलित सम्मान के नाम पर कांग्रेस कर रही समाज को बांटने की राजनीति

बिना प्रमाण भाजपा को कटघरे में खड़ा करना राहुल गांधी की राजनीतिक हताशा,
वोट बैंक के लिए सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ कर रही कांग्रेस
स्थानीय घटना को भाजपा से जोड़ना कांग्रेस की राजनीतिक जल्दबाजी
देहरादून। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने राहुल गांधी द्वारा हल्द्वानी की घटना को लेकर भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राहुल गांधी को राजनीति करने से पहले तथ्यों की जानकारी हासिल करनी चाहिए। किसी स्वतंत्र सामाजिक संस्था के कार्यक्रम को बिना ठोस प्रमाण के भाजपा से जोड़कर पूरे संगठन को कठघरे में खड़ा करना राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।
टम्टा ने कहा कि यदि कांग्रेस के पास इस कार्यक्रम को भाजपा से जोड़ने का कोई प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करना चाहिए। कार्यक्रम का आयोजक कौन था, उसका भाजपा से क्या आधिकारिक संबंध था और किस आधार पर पूरे भाजपा संगठन को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, राहुल गांधी को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। केवल बयान देने से कोई आरोप तथ्य नहीं बन जाता।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी का शुद्धीकरण कार्यक्रम श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की ओर से आयोजित किए जाने की बात सामने आई है और संस्था ने भाजपा से किसी आधिकारिक संबंध से इनकार किया है। इसके बावजूद राहुल गांधी द्वारा इसे भाजपा की विचारधारा से जोड़ना तथ्यों की अनदेखी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा किसी घटना पर प्रतिक्रिया देना भी कार्यक्रम के आयोजन में भाजपा की भूमिका का प्रमाण नहीं हो सकता। राजनीतिक प्रतिक्रिया और कार्यक्रम का आयोजन दो अलग विषय हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने इस घटना को अपराध, दलित विरोधी मानसिकता और भाजपा की कथित विचारधारा से जोड़ने का प्रयास किया है। इतने गंभीर आरोपों के लिए ठोस तथ्य और प्रमाण आवश्यक हैं। किसी घटना की जिम्मेदारी राजनीतिक भाषण के आधार पर तय नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि एससी एसटी एक्ट का नाम लेकर पूरे मामले को राजनीतिक रंग देना भी उचित नहीं है। कानून का उल्लेख करने और उसके तहत अपराध सिद्ध होने के बीच स्पष्ट अंतर है। कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि इस मामले में एससी एसटी एक्ट के तहत अपराध बनने का ठोस कानूनी आधार क्या है।
टम्टा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा इस घटना को मल्लिकार्जुन खड़गे की दलित पहचान से जोड़ना भी गंभीर आरोप है। यदि कांग्रेस के पास इसके समर्थन में प्रमाण हैं तो उन्हें जनता के सामने रखना चाहिए। वहीं आयोजक संस्था ऐसी मंशा से इनकार कर रही है।
उन्होंने कहा कि दलित सम्मान किसी एक राजनीतिक दल की बपौती नहीं है। दलित समाज को राजनीतिक वोट बैंक के रूप में देखने के बजाय उसके सम्मान और अधिकारों की बात होनी चाहिए। हर विवाद को दलित बनाम भाजपा के रूप में प्रस्तुत करना सामाजिक न्याय नहीं, बल्कि समाज को राजनीतिक आधार पर बांटने का प्रयास है।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को आरोप लगाने से पहले अपने आरोपों की बुनियाद स्पष्ट करनी चाहिए। पहले प्रमाण दें, फिर आरोप लगाएं। उत्तराखंड को जातीय और राजनीतिक ध्रुवीकरण नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द, विकास और सभी वर्गों के सम्मान की राजनीति चाहिए।




