युवा संकल्प दिवस” कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, कहा -अपने जन्मदिवस पर युवाओं के बीच उपस्थित होना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार , युवा शक्ति विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण की प्रमुख आधारशिला

राज्य युवा आयोग युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम,
युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही राज्य सरकार
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस को “युवा संकल्प दिवस” के रूप में मनाए जाने पर प्रदेश के युवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने जन्मदिवस पर युवा शक्ति के बीच उपस्थित होना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प उन्हें भी निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है। युवाओं की आंखों में उन्हें भविष्य का विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड दिखाई देता है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को रेंजर्स ग्राउंड, देहरादून में आयोजित “युवा संकल्प दिवस” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।कार्यक्रम में महानगर के अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शिव शक्ति स्वरूप त्रिशूल भेंटकर स्वागत- अभिनंदन किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। वर्ष 2047 में जब देश स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा, तब आज की युवा पीढ़ी विभिन्न क्षेत्रों में देश और प्रदेश के विकास का नेतृत्व कर रही होगी। विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड का युवा मेहनती, प्रतिभाशाली, अनुशासित और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है। युवाओं को सही दिशा, बेहतर अवसर और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार शिक्षा से कौशल, रोजगार से स्वरोजगार और स्टार्टअप से खेल तक प्रत्येक क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए मजबूरी में अपना घर, गांव और प्रदेश न छोड़ना पड़े। युवा केवल रोजगार तलाशने वाले न बनें, बल्कि उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजित करने वाले भी बनें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार चाहती है कि युवाओं से संबंधित नीतियों के निर्माण में उनकी आवाज और भागीदारी भी सुनिश्चित हो। युवा आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने तथा नशे, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने मुख्यमंत्री सहित सभी का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी , राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट , प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल , दीप्ति भारद्वाज ,पुनीत मित्तल, विधायक विनोद चमोली ,उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर ,महापौर सौरभ थपलियाल, आदित्य चौहान, नेहा जोशी ,मनवीर चौहान, दीप कोश्यारी, मुलायम रावत, महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी, विजेंद्र थपलियाल ,महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों, सुनील शर्मा ,संकेत नौटियाल ,राजेश कंबोज, ओम कक्कड़, मोहित शर्मा ,जगदीश सेमवाल, समीर डोभाल ,विनोद शर्मा ,प्रदीप कुमार, अक्षत जैन, मोतीराम, संदीप बिजलवान, महिपाल, श्रेय नौटियाल एवं हजारों की संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




