उत्तराखण्डदेहरादून

03 कुमाऊँ रेजीमेन्ट के रेजिंग-डे समारोह में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री जोशी, कहा – सैनिक  देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रहरी 

देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि के रूप में भी जानी जाती है उत्तराखण्ड की धरती : जोशी 
देहरादून। गोर्खाली सुधार सभा, गढ़ी कैंट, देहरादून में आयोजित 03 कुमाऊँ रेजीमेन्ट के रेजिंग-डे समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री  गणेश जोशी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने 03 कुमाऊँ रेजीमेन्ट के सभी सैनिकों, पूर्व सैनिकों, सैन्य अधिकारियों, वीर नारियों एवं उनके परिजनों को रेजिंग-डे की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कैबिनेट मंत्री  जोशी ने कहा कि कुमाऊँ रेजीमेन्ट का इतिहास भारतीय सेना के शौर्य, साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय गाथाओं से भरा हुआ है। इस गौरवशाली सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाने में कुमाऊँ रेजीमेन्ट का योगदान सदैव स्मरणीय रहा है। हमारे वीर सैनिकों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए कठिन से कठिन परिस्थितियों में अपने अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि जब देश चैन की नींद सोता है, तब हमारे सैनिक सीमाओं पर जागकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। सैनिक केवल सीमा पर तैनात जवान नहीं हैं, बल्कि वे देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रहरी हैं। उत्तराखण्ड की धरती को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि के रूप में भी जाना जाता है। यहां के हजारों परिवारों की पीढ़ियों ने भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दी हैं। प्रदेश के युवाओं में सेना के प्रति समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना सदियों से रही है। मंत्री ने कहा कि आज का दिन उन सभी वीर सैनिकों और शहीदों को नमन करने का अवसर भी है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग और शौर्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक और वीर नारियां राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। एक सैनिक के साथ-साथ उसका परिवार भी देशसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, कल्याण एवं हितों की रक्षा करना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंत्री जोशी ने  कुमाऊँ रेजीमेन्ट के सभी जवानों एवं पूर्व सैनिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेजिमेंट की गौरवशाली परंपरा इसी प्रकार निरंतर आगे बढ़ती रहे और हमारे वीर जवान सदैव देश का मान-सम्मान बढ़ाते रहें।
इस अवसर पर गोविन्द सिंह, गंगा दत्त बिनवाल, हरी सिंह, मंजू देउपा, गंगा सिंह, देवकी बिनवाल, कैलाश सिंह, दरबान सिंह, राम दत्त, नन्दन सिंह सहित सैन्य अधिकारीगण, वीर जवान, पूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button