अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस – कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा, यह दिन हमारी संस्कृति, संस्कार और जड़ों को सम्मान देने का अवसर वृद्धजन को बताया अनुभव के विश्वविद्यालय

कैबिनेट मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों को किया सम्मानित
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर अपने कैंप कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री जोशी ने सभी वृद्धजनों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमारी संस्कृति, संस्कार और जड़ों को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां माता-पिता और बुजुर्गों को देवतुल्य माना जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं। उनके त्याग, परिश्रम और आशीर्वाद से ही परिवार, समाज और प्रदेश का निर्माण हुआ है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वृद्धजन केवल उम्र के आधार पर वरिष्ठ नहीं हैं, बल्कि वे अनुभव के विश्वविद्यालय हैं। उन्होंने आगे कहा कि आधुनिक समय में संयुक्त परिवारों के बिखरने और युवाओं के रोजगार के लिए बाहर जाने के कारण कई बुजुर्ग अकेलेपन का सामना कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री जोशी ने प्रदेश के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट अपने माता-पिता और दादा-दादी के साथ बैठें, उनकी बातें सुनें और उनका आशीर्वाद लें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वृद्धजनों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस दौरान वरिष्ठजनों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोंगो का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, दायित्वधारी रघुवीर सिंह भंडारी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, राजीव गुरुंग, निरंजन डोभाल, सुरेंद्र राणा, आशीष थापा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
इन वरिष्ठ नागरिकों को किया गया सम्मानित
जेएन यादव (सेवानिवृत्त इंजीनियर), 86 वर्ष; डॉ. एम.आर. चौरसिया (सेवानिवृत्त प्रोफेसर), 83 वर्ष; ब्रिगेडियर केजी बहल (सेवानिवृत्त), 92 वर्ष; कैप्टन खेम बहादुर थापा (सेवानिवृत्त), 88 वर्ष; कैप्टन प्रेम सिंह बोरा (सेवानिवृत्त), 83 वर्ष; मस्तान सिंह रावत (सेवानिवृत्त, सर्वे ऑफ इंडिया), 82 वर्ष; आरएस परिहार (वरिष्ठ भाजपा नेता), 86 वर्ष तथा मोहन लाल गांधी (सेवानिवृत्त ओएनजीसी), 87 वर्ष, ऊषा डोभाल (वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता) 90 वर्ष, कृपाल सिंह चावला (संस्थापक अध्यक्ष, दून सिख वैलफेयर सोसाइटी) 91 वर्ष, मंगल सिंह जवाडी 98 वर्ष शामिल रहे।




