भाजपा नेता जोगेंद्र पुंडीर ने शारदीय नवरात्रि पर किया माता की चौकी एवं भव्य कन्या पूजन का भव्य आयोजन, हजारों क्षेत्रवासी एवं श्रद्धालु हुए श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ शामिल, बोले – बेटियाँ किसी भी परिवार और समाज की अनमोल धरोहर

कहा- भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, सम्मान और सृजन का प्रतीक माना गया,
बालिकाओं को बताया समाज की शक्ति और उज्ज्वल भविष्य का आधार
देहरादून। जनपद की कैंट विधानसभा के सरदार पटेल मंडल के अंतर्गत वार्ड संख्या 43 द्रोणपुरी, वार्ड संख्या 44 पटेल नगर एवं वार्ड संख्या 45 गांधीग्राम में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर साधुराम इंटर कॉलेज में भाजपा नेता एवं 21 कैंट विधानसभा से जोगेंद्र सिंह पुंडीर के नेतृत्व में माता की चौकी एवं भव्य कन्या पूजन का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर माँ भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में देहरादून महानगर के सह प्रभारी संजय गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही सम्मानित पार्षद रजनी देवी , डॉली मोहन , मीनाक्षी मौर्य , संजय सिंघल, विनोद रावत एवं गोविंद मोहन की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता जोगेंद्र सिंह पुंडीर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, सम्मान और सृजन का प्रतीक माना गया है। नवरात्रि का पर्व हमें माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के साथ-साथ नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश भी देता है। कन्या पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि बेटियों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समानता का भाव प्रकट करने का पवित्र माध्यम है।
पुंडीर ने कहा कि छोटी-छोटी बालिकाओं में माँ दुर्गा के स्वरूप का दर्शन करना हमारी सनातन संस्कृति की महान परंपरा है। बेटियाँ किसी भी परिवार और समाज की अनमोल धरोहर हैं। आज बेटियाँ शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन, सेना और प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा एवं सामर्थ्य से देश का नाम रोशन कर रही हैं। हमें केवल कन्या पूजन के दिन ही नहीं, बल्कि जीवन के प्रत्येक दिन बेटियों का सम्मान करना चाहिए। उन्हें अच्छी शिक्षा, सुरक्षित वातावरण, समान अवसर और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों के माध्यम से बेटियों के सम्मान, शिक्षा और सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी मातृशक्ति एवं बालिकाओं के उत्थान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा संकल्प होना चाहिए कि समाज की प्रत्येक बेटी को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले और वह आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
पुंडीर ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सेवा, समर्पण और सामूहिकता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, सोनू बाबूराम , कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष विनोद पवार , ओबीसी मोर्चा जिला मंत्री राजेश सेन , देवेंद्र दुबे , महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुप्रिया डोभाल , मंडल अध्यक्ष रोमा देवी , मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती संजू गुप्ता , अनीता मल्होत्रा , अंजलि शर्मा , सुषमा पवार , राज डिमरी , गोविंद कुमार , सिद्धांत कसाना , निखिल राजपूत , अजय चौहान , विनोद कुमार, शिवा गिरी , दीपक क्षेत्री , अनिल कुमार , मुन्ना कुमार एवं सनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में
अंत में सभी ने माँ भगवती से क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सभी के मंगलमय जीवन की कामना की। माता रानी के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच कार्यक्रम श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।





