उत्तराखण्डक्राइमदेहरादून

दोस्तों के साथ दीपावली पार्टी में गए 15 वर्षीय अर्श अंसारी की मामूली सी बात पर पीट पीटकर निर्मम हत्या करने का आरोप , मृतक के पिता की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

दीपावली की रात दिया गया घटना को अंजाम,शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
देहरादून। रोशनी और जश्न के पावन पर्व दीवाली की रात दोस्तों के साथ पार्टी करने घर से निकले एक 15 वर्षीय अर्श अंसारी की पीट पीटकर निर्ममता से हत्या कर दी गई।
। अगले दिन सुबह मोर्चरी में शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के शरीर पर चोट के कई गहरे निशान पाए गए हैं, जिसके बाद परिजनों ने उसके दोस्तों पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अर्श अंसारी (15) के पिता नदीम अहमद अंसारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि दीवाली के दिन उनका बेटा अपने दोस्त श्रेयांश ममगाईं के घर गया था। उसे दोस्त और उसके परिजनों ने दीवाली मनाने के लिए बुलाया था।
परिजनों के मुताबिक, अर्श दोपहर से ही दोस्तों के साथ था। रात में सभी ने मिलकर खाना खाया और पटाखे जलाए। रात करीब 12 बजे अर्श की अपने पिता से फोन पर बातचीत भी हुई थी, तब उसने सब कुछ सामान्य बताया था, जिसके बाद परिवार के लोग सो गए। अर्श की हुई हत्या के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया । वहीं पुलिस अभी तक इस घटना का खुलासा नहीं कर पाई।
कार का दरवाजा लगने से हुआ विवाद और फिर शुरू हुई खूनी झड़प
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रात करीब तीन बजे अर्श अपने दोस्त फहीम और अन्य साथियों के साथ कार से नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के सूरी चौक के पास पहुंचा। वहां पहले से ही कुछ अन्य युवक मौजूद बताए जा रहे हैं, जिनके साथ दोनों पक्षों की पुरानी कहासुनी चल रही थी।
आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान जब अर्श कार का दरवाजा खोल रहा था, तो वह दूसरे पक्ष के एक युवक के पैर से टकरा गया। इस छोटी सी बात पर कहासुनी इतनी बढ़ी कि देखते ही देखते विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
पिता नदीम अहमद अंसारी ने श्रेयस और उसके साथ मौजूद अन्य युवकों (जिनकी उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है) पर बेटे को घेरकर बेरहमी से पीटने और घसीटकर दूर ले जाने का आरोप लगाया है। पिता का यह भी आरोप है कि अर्श के साथ मौजूद बाकी दोस्तों को छोड़ दिया गया, जबकि अकेले अर्श को निशाना बनाकर बुरी तरह पीटा गया। मारपीट के बाद जब उसकी हालत बिगड़ी, तो आरोपी उसे अस्पताल तो ले गए, लेकिन वहां छोड़कर फरार हो गए। इलाज के दौरान अर्श की दर्दनाक मौत हो गई।
परिवार को सुबह फोन पर मिली मौत की दिल दहला देने वाली खबर
पिता नदीम अंसारी ने बताया कि रात अधिक होने पर जब अर्श घर नहीं लौटा, तो उन्होंने उसकी जानकारी के लिए फोन किया था। इसके बाद अगली सुबह करीब छह बजे श्रेयस की मां का फोन आया, जिन्होंने बताया कि अर्श का शव मोर्चरी में है। यह खबर सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत मोर्चरी पहुंचे।घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। जांच के दौरान कार की पिछली सीट पर खून मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है। साथ ही दीवाली की रात अर्श के साथ मौजूद रहे दोस्तों और दूसरे पक्ष के युवकों से भी गहन पूछताछ की जा रही है।डालनवाला कोतवाली  इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के पिता नदीम अंसारी की तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button