मातृशक्ति के सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन की पहल पर कांग्रेस की आपत्ति दुर्भाग्यपूर्ण: दीप्ति रावत , कहा -बैणी-भुली योजना से सशक्त होगी पहाड़ की मातृशक्ति

बैणी-भुली से लेकर लखपति दीदी तक, महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दे रहा उत्तराखण्ड
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने बैणी-भुली योजना को लेकर कांग्रेस की ओर से की जा रही टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण योजना लेकर आ रही है, लेकिन कांग्रेस अभी से इसका विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबी बनाने और सम्मान देने की पहल पर सवाल उठाना कांग्रेस की महिला सशक्तिकरण के प्रति सोच को उजागर करता है।
दीप्ति रावत ने कहा कि कांग्रेस की सोशल मीडिया पोस्ट में उत्तराखण्ड की पहाड़ की महिलाओं की तुलना बंदर से किए जाने और कांग्रेस विधायक द्वारा महिलाओं के लिए चूहे जैसी उपमा का इस्तेमाल किए जाने संबंधी टिप्पणियां बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़े विषयों पर इस तरह की भाषा का प्रयोग उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर कांग्रेस की पूर्व भूमिका और महिलाओं के प्रति नेताओं की टिप्पणियां भी उसके रुख पर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनकर उत्तराखण्ड ने महिलाओं के समान अधिकारों की दिशा में पहल की है। इसके साथ ही सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है।दीप्ति रावत ने कहा कि प्रदेश में 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।दीप्ति रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी की सरकार महिलाओं को अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बैणी-भुली योजना इसी दिशा में सरकार की आगामी पहल है। महिलाओं के हित में आने वाली योजनाओं का स्वागत करने के बजाय उनका विरोध करना और महिलाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां करना उचित नहीं है।





