गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर सामाजिक समरसता संदेश यात्रा का उत्तराखंड में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने किया स्वागत, विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर हुआ अभिनंदन

गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने निकली समरसता यात्रा का देहरादून में हुआ भव्य स्वागत
देहरादून। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश लेकर निकली समरसता संदेश यात्रा का उत्तराखंड पहुंचने पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने यात्रा का स्वागत कर संत रविदास जी के विचारों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कुल्हाल (पांवटा साहिब) से लेकर देहरादून तक विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।समरसता संदेश यात्रा का कुल्हाल, हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, झाझरा, प्रेमनगर, बल्लीपुर चौक, किशन नगर चौक, बिंदाल पुल, घंटाघर, आराघर चौक, फव्वारा चौक और रिस्पना सहित विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह, कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्य मंत्री बलबीर घुनियाल, मुकेश कुमार, सुमेर चंद्र, स्वराज विद्वान, प्रदेश महामंत्री एवं यात्रा संयोजक दीप्ति रावत भारद्वाज, प्रदेश संयोजक संपर्क विभाग हरीश चमोली, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी एवं कमलेश रमन सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं यात्रा संयोजक दीप्ति रावत भारद्वाज ने यात्रा के स्वागत में उमड़े जनसमर्थन के लिए सभी सामाजिक संगठनों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज ने अपने जीवन और विचारों से समाज को समानता, प्रेम, करुणा और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनका संदेश जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से मुक्त ऐसे समाज की स्थापना का है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान प्राप्त हो।
दीप्ति रावत ने कहा कि गुरु रविदास की शिक्षाएं आज भी सामाजिक समरसता और सामाजिक एकता के लिए प्रासंगिक हैं। उनकी विचारधारा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने की प्रेरणा देती है।





