उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री ने पौड़ी जनपद के सिमडी में हुई बस दुर्घटना स्थल का लिया जायजा राज्य सरकार की ओर से प्रभावितों को हर संभव मदद दी जायेगी

सीएम ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख, गम्भीर घायलों को एक लाख और सामान्य घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा
पौडी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तराखंड के पौड़ी जनपद के सिमडी में हुई बस दुर्घटना स्थल का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद थे। बीते देर सायं को सिमड़ी में हुई वाहन दुर्घटना एवं राहत-बचाव कार्यों की मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू कर रहे एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, राजस्व पुलिस और इस कार्य में लगे विभिन्न विभागीय कार्मिकों को तेजी से रेस्क्यू कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को घायलों का त्वरित और समुचित उपचार करने के निर्देश दिए।
प्रभावित परिवारों से मुलाकात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों को उचित उपचार दिया जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से प्रभावितों को हर संभव मदद दी जायेगी। मुख्यमंत्री बीते दिवस मंगलवार देर सांय से ही अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ले रहे थे। उन्होंने राज्य आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया एवं अधिकारियों को हालात पर लगातार नजर बनाए रखने एवं शासन स्तर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये थे। इस अवसर पर विधायक लैंसडाउन दिलीप रावत, गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार, डीआईजी करण सिंह नगन्याल, जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदण्डे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस दर्दनाक सड़क हादसे में मृतकों, गंभीर घायलों और सामान्य घायलों के लिए आर्थिक सहायता राशि की घोषणा की।वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बुधवार को कोटद्वार बेस अस्पताल में सिमड़ी, पौड़ी में हुई बस दुर्घटनाग्रस्त में घायल हुए लोगों का हालचाल जाना। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कोटद्वार बेस अस्पताल में घायलों के परिवारजनों से मुलाकात कर कहा कि घायलों के इलाज के लिये सरकार की ओर से पूरी व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती घायलों के बारे में डाक्टरों से पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सिमड़ी, पौड़ी बस दुर्घटना में फर्स्ट रेस्पांडर के रूप में घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सबसे पहले आस-पास के ग्रामीण पहुँचे और उन्होंने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। मुख्यमंत्री ने डीएम पौड़ी को निर्देशित किया है कि जिन ग्रामीणों ने आपदा की घड़ी में घायलों को और मृतकों को बाहर निकालने में मदद की है उनकी सूची बनाकर उनको भी प्रोत्साहित करने के लिए प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 4 अक्टूबर को उत्तरकाशी और पौड़ी की घटनाओं में प्रभावितों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। दोनों घटनाओं में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये, गम्भीर घायल को 1-1 लाख रुपये और सामान्य घायल को 50-50 हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इसके अनुसार सहायता राशि प्रभावितों को तत्काल उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button