उत्तराखण्डदेहरादून

विधायक- नगर आयुक्त विवाद: नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल से लड़खड़ाई शहर की सफाई व्यवस्था, क्षेत्र में डोर-टू-डोर उठाने का काम भी हुआ बंद

विधायक महेश जीना सहित  चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद भी जारी है हड़ताल,
विधायक के माफी मांगने पर अड़े कर्मचारी यूनियन पदाधिकारी
देहरादून ।नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल गुरुवार को भी जारी रही। विधायक महेश जीना पर मुकदमा दर्ज होने के बावजूद कर्मचारी हड़ताल वापस लेने के लिए तैयार नहीं हैं, जिस कारण शहर की सफाई व्यवस्था लड़खड़ा गई है। कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि विधायक महेश जीना नगर निगम में आकर नगर आयुक्त और कर्मचारियों से माफी मांगे।
नगर निगम में नगर आयुक्त गौरव कुमार और अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली गलौज करने के मामले में भाजपा विधायक महेश जीना समेत चार लोगों के खिलाफ के नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हो गया है। लेकिन नगर निगम के सफाई मजदूर यूनियन ने अब भी हड़ताल खत्म नहीं की है।मजदूर यूनियन का कहना है कि जब तक हमारी सुरक्षा के लिए शासन-प्रशासन से कोई अधिकारी नहीं आता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
कर्मचारी यूनियन का कहना है कि जब तक विधायक नगर निगम में आकर कर्मचारियों से माफी नहीं मांगते, तब तक नगर निगम के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से देहरादून शहर में सफाई व्यवस्था लड़खड़ा गई है।शहर में कूड़ा नहीं उठने से शहर की सड़कों पर कूड़े के ढेर लग गए है। कूड़े के कारण जाम की स्थिति भी बन रही है और लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता  है। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर उठाने का काम भी बंद हो गया है, जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम के सफाई कर्मियों  का कहना है कि जिस दिन से विधायक ने नगर निगम के कर्मचारियों और नगर आयुक्त के साथ अभद्र व्यवहार और गाली गलौज किया है, उसके बाद नगर निगम में शासन या प्रशासन से कोई भी कर्मचारियों से मिलने नहीं आया है।
नगर निगम कर्मचारी यूनियन के सचिव सत्येंद्र कुमार का कहना है कि वाहन चालक यूनियन की तैयारी के बाद जिस तरह से विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है, अब उनकी गिरफ्तारी होनी चाहिए या फिर विधायक महेश जीना को नगर निगम में आकर नगर आयुक्त और कर्मचारियों से माफी मांगनी चाहिए।
ज्ञात हो कि  5 मार्च को सल्ट विधानसभा से विधायक महेश जीना पर देहरादून नगर निगम में नगर आयुक्त गौरव कुमार और निगम के अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता और गाली गलौज करने का आरोप है। मामले पर 6 मार्च को नगर निगम वाहन चालक संघ सचिव यशपाल सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में विधायक महेश जीना समेत 5 लोगों के खिलाफ  सरकारी कार्य में बाधा डालना, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button