इंटरनेशनल योग डे से पहले रन फॉर योग का आयोजन, सीएम पुष्कर धामी हुए शामिल,कहा – हमें मिलकर प्राचीन योग सभ्यता को पहुंचाना है जन जन तक

योग संपूर्ण विश्व के लिए करता है संजीवनी का काम,
मुख्यमंत्री के साथ रन फॉर योग में शामिल हुए नेता ,अधिकारी व जनता,
एमकेपी कॉलेज से गांधी पार्क तक किया गया रन फॉर योगा
देहरादून।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के आयोजन में बढ़ चढ़कर प्रतिभाग करने का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर प्राचीन योग सभ्यता को जन जन तक पहुंचाना है। ऋषि मुनियों ने योग के माध्यम से शरीर, आत्मा और मन को एकीकृत करने की अद्भुत विद्या विकसित की है। योग संपूर्ण विश्व के लिए एक संजीवनी का कार्य करता है। योग से जीवन स्वस्थ और अनुशासित बनता है। आज दुनिया योग के प्रति आकर्षित हो रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को एम.के.पी कॉलेज, देहरादून में आयोजित ’रन फॉर योगा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं, बुजुर्गों महिलाओं को भी योग के प्रति जागरूक करने के लिए गांधी पार्क से एम.के.पी कॉलेज तक पैदल मार्च भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहले से संचालित हो रहे योग केंद्रों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। योग, ध्यान और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख तक का भी अनुदान दिया जा रहा है। राज्य में योग और वेलनेस की अपार संभवानाएं हैं, जिस पर राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सभी से अनुशासित और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, भरत चौधरी,उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय खेल परिषद हेमराज बिष्ट, सचिव आयुष दीपेंद्र चौधरी, अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे, प्रदीप जैन, जितेंद्र नेगी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।





