उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनावः 17,829 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में कैद, 28 को होगी दूसरे चरण की वोटिंग

पहले चरण में शाम 4:00 तक 55 फीसदी हुआ मतदान , फाइनल आंकड़े आने का इंतजार,
राज्य निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए जताया आभार
देहरादून।उत्तराखंड के सभी 12 जनपदों में (हरिद्वार में चुनाव नहीं) त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से गुरुवार को पूरा गया। पहले चरण में शाम 4:00 बजे तक 55 फीसदी मतदान हुआ । फाइनल आंकड़े आने का इंतजार है।पहले चरण के मतदान के बाद अब दूसरे चरण का पंचायत चुनाव 28 जुलाई को कराएगा। इसमें प्रदेश के 12 जिलों के 40 विकासखंड शामिल होंगे। दूसरे चरण के लिए 14,751 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।उत्तराखंड के 49 विकासखंडों में पहले चरण का मतदान देर रात तक चला। शाम चार बजे तक राज्य में 55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। त्रिस्तरीय पंचायतों के 6049 पदों पर पहले चरण में मैदान में 17,829 प्रत्याशियों का भविष्य मत पेटियों में कैद हो गया है। सुबह 8 बजे शुरू हुए मतदान में ज्यादातर पोलिंग बूथों पर 10 बजे के बाद से मतदाताओं की लाइन लगना शुरू हो गई थीं। अगर मतदान के प्रतिशत को देखते हुए हैं तो सुबह से ही मतदान की रफ्तार बढ़ती हुई दिशा में चलती रही। राज्य निर्वाचन आयोग ने पहले चरण के पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण बताते हुए संतोष जाहिर किया है। राज्य के कई जिलों गुरुवार को बारिश के बावजूद पोलिंग बूथों मतदाता वोट डालने के लिए पहुंचते रहे।
सुबह 08 बजे पहले चरण का मतदान शुरू हुआ। सुबह 10 बजे तक मतदान की स्थिति 11.72 फीसदी रही। उसके दो घंटे बाद 12 बजे तक मतदान 27 फीसदी तक पहुंच गया था। दोपहर 2 बजे तक मतदान का प्रतिशत 41.87 फीसदी तक पहुंच गया। इसके बाद 4 बजे तक मतदान प्रतिशत 55 फीसदी तक पहुंच गया था। देर शाम तक मतदाताओं की लाईन कई बूथों पर लगी रही। जिनको मतदान का समय शाम 5 बजे समाप्त होने के बाद भी जो लोग बूथ में लाईन में लगे थे उनको मतदान कराया गया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि पहले चरण के मतदान में मतदाताओं का उत्साह जबर्दस्त दिखा। पहाड़ के कोने-कोने से मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कतारबद्ध नजर आए। उन्होंने बताया कि चुनाव में मतदान कर्मियों, सुरक्षाकर्मियों से लेकर आपदा प्रबंधन समेत सभी विभागों के बीच तालमेल बेहतरीन रहा है। आपको बता दें कि पहले चरण में 17,829 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद हो गया।





