मनसा देवी मंदिर में भगदड़ की घटना हृदय विदारक और पीड़ादायक,घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना : महेंद्र भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार के प्रति जताई संवेदना
देहरादून । भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में भगदड़ की घटना को हृदय विदारक और पीड़ादायक बताया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
वहीं इस संवेदनशील हादसे को लेकर सभी पक्षों, विशेषकर राजनेताओं से संयम बरतने और जिम्मेदारी से बयान देने का आग्रह किया है।
अपने शोक संदेश में उन्होंने मां मनसा देवी से शोक-संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की उन्होंने प्रार्थना की। कहा, जिंदगियों की क्षति अपूर्णीय हैं, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता है। लेकिन इसमें पीड़ित और दुखी परिजनों की सरकार और संगठन द्वारा हर संभव मदद की जा रही है। हादसे में घायल श्रृद्धालुओं को प्रशासन द्वारा उच्चस्तरीय चिकित्सा प्रदान की जा रही है।
वहीं सभी पक्षों से इस दुखद और संवेदनशील प्रकरण को लेकर गैरजरूरी बयानबाजी से बचने का आग्रह किया है। विशेषकर राजनैतिक दलों के नेताओं से, घटना की जांच से पहले किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है। घटना की जांच होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसपर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। लिहाजा बिना किसी ठोस तथ्यों के राजनैतिक आरोप लगाना सही नहीं है।
घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।





