दिल्ली से लौटते ही सीएम धामी से मिले कई MLAs, विधायकों से आपदा प्रभावितों की मदद में सहयोग का मुख्यमंत्री ने किया आग्रह

सीएम ने सभी को जन समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने का दिया संदेश
देहरादून।उत्तराखंड मंत्रिमंडल में विस्तार की संभावनाओं और चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को कई विधायकों ने अलग-अलग पहुंचकर मुलाकात की है। इनमें वो विधायक भी शामिल हैं जो पूर्ववर्ती सरकारों में मंत्री रह चुके हैं। मुख्यमंत्री धामी के दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में विधायकों ने पहुंचकर मुलाकात की और अपने क्षेत्रों से संबंधित अलग-अलग मामलों में चर्चा की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में विधायक सहदेव पुंडीर, खजान दास, सुरेश चौहान, भरत चौधरी, संजय डोभाल, अनिल नौटियाल, प्रीतम पंवार एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की। शिष्टाचार भेंट के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विभिन्न विकासपरक मांगों एवं स्थानीय समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा, पर्यटन, पेयजल एवं ऊर्जा जैसे बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का संतुलित और सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं को निकटता से सरकार तक पहुंचाएं और सभी मिलकर प्रदेश की प्रगति में भागीदारी सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य जनता को त्वरित और पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से समस्याओं का समाधान और विकास कार्य और अधिक प्रभावी होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हाल ही में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों का स्वयं भ्रमण करने और जरूरतमंद परिवारों तक समयबद्ध सहायता पहुँचाने में सहयोग का विधायकों से आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित सभी परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी और राहत-पुनर्वास कार्यों की गति तेज़ की जाएगी।





