कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा – उत्तराखंड के निर्माण में रहा अटल का महत्वपूर्ण योगदान

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न वाजपेयी को पुण्यतिथि पर अर्पित की पुष्पांजलि
देहरादून। सूबे के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की सातवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि एवं गोष्ठी कार्यक्रम में प्रतिभाग कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
शनिवार को देहरादून के न्यू कैंट रोड़ स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि एवं गोष्ठी सभा को सम्बोधित करते हुए काबीना मंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी के कवि, पत्रकार व एक प्रखर वक्ता थे। वे भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में एक थे, और 1968 से 1973 तक उसके अध्यक्ष भी रहे।
काबीना मंत्री ने कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के समय अटल ने कहा था कि जो जवान माँ भारती की रक्षा में सीमा पर शहीद होंगे, उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव ले जाया जाऐगा और राजकीय सम्मान के साथ वहीं उनका दाह संस्कार होगा। देश के वीर जवानों और उनके परिवारजनों के बारे में यदि किसी ने सोचा तो वह अटल थे। उन्होंने कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को गैस एजेन्सी एवं पेट्रोल पम्प आवंटित किये, ताकि उनके परिवारजन सम्मान के साथ अपना जीवन-यापन कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों को जोड़ने का काम भी अटल की दूरगामी सोच के कारण ही सम्भव हो सका। मंत्री जोशी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी का उत्तराखंड से गहरा नाता रहा था। दशकों की लंबी मांग के बाद अगर उत्तराखंड देश के मानचित्र पर अलग राज्य के रूप में वजूद में आ पाया तो इसमें सबसे निर्णायक भूमिका अटल की रही थी। उन्होंने कहा कि राज्य के निर्माण में अटल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आज वन रैंक वन पेंशन भी अटल की देन है। भारतीय जनता पार्टी वाजपेयी के पद चिन्हों पर चलकर देश को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार हमारा देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष अटल का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि अटल द्वारा देशहित में किए गए कार्यों के लिए राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा।
इस दौरान मण्डल अध्यक्ष प्रदीप रावत, राजीव गुरुंग, आरएस परिहार, निरंजन डोभाल, अरविन्द डोभाल, ज्योति कोटिया, महामंत्री भावना चौधरी, आशीष थापा, अल्का कुल्हान, मनोज क्षेत्री, पार्षद भूपेन्द्र कठैत, मोहन बहुगुणा, निर्मला थापा, अंकित जोशी आदि उपस्थित रहे।





