अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर सीएम पुष्कर धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने उत्तराखंड के सैकड़ों पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

ओलंपिक केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि समर्पण, साधना और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक: सीएम
2036 ओलंपिक में छा जाने का लें संकल्प: रेखा आर्या
खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ भी दिलाई
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्य ने प्रदेश के लिए पदक जीतने वाले सैकड़ों खिलाड़ियों को सम्मानित किया । कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बच्चों के साथ ट्राई कलर गुब्बारे उड़ाकर की। इस अवसर पर उन्होंने अन्तरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया एवं खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन खेल भावना, एकता और शांति के मूल्यों को समर्पित है। ओलंपिक केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि समर्पण, साधना और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक हैं। इसके पहले बच्चों ने आर्टिस्टिक जिम्नास्ट का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया ।मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रतिभागियों को ओलंपिक दिवस की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश ममगई, प्रभारी जिला खेल अधिकारी रविंद्र भंडारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
खिलाड़ियों को दिया जा रहा प्रोत्साहनः सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल नीति के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी, खेल भत्ता, तथा उत्तराखंड खेल रत्न और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत खेल कोटा लागू किया गया है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत 3900 तथा मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 2155 खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य हुए है। भारत अब खेलों में केवल भागीदार नहीं, बल्कि विजेता के रूप में उभर रहा है। हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों, खेल विश्वविद्यालय हल्द्वानी तथा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट की स्थापना की दिशा में तेजी से कार्य किये जा रहे हैं।
2036 ओलंपिक में छा जाने का लें संकल्प: रेखा आर्या
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2036 का ओलंपिक आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। इस मौके पर हम सभी को यह संकल्प लेना होगा कि इस ओलंपिक में उत्तराखंड से ज्यादा से ज्यादा एथलीट शामिल हो सके और उसी हिसाब से अभी से तैयारी शुरू करनी होगी।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नई खेल नीति में खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई प्राविधान किये गये हैं। राज्य में खेल इन्फ्रास्टक्चर का तेजी से विकास हुआ है। 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का अवसर उत्तराखण्ड को मिला, जिसमें उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों का सराहनीय प्रदर्शन रहा है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत आरक्षण, पदक जीतने पर आउट ऑफ टर्न जॉब और खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के जरिए खिलाड़ियों का उज्जवल भविष्य सुनिश्चित करने का काम किया है। रेखा आर्या ने कहा कि देवभूमि को खेल भूमि बनाने का सपना तब साकार हो सकता है जब हम ऐसी खेल संस्कृति विकसित करें कि यहां हर घर से एक खिलाड़ी पैदा हो।





