उत्तराखण्डक्राइमदेहरादून

देहरादून की तिब्बती मार्केट के पास  40 साल के व्यक्ति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या,  जनपद में दो हफ्ते के अंदर 4 हत्याओं से खौफ का माहौल 

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी , फॉरेंसिक की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर की जांच पड़ताल, हत्यारोपियों  की तलाश में सर्च अभियान
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े एक और हत्याकांड से सनसनी फैल गई है।बुधवार को दिनदहाड़े व्यस्त तिब्बती मार्किट में  40 वर्षीय एक व्यक्ति  को गोली मार दी गई। घटना के बाद घायल व्यक्ति को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया ,जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारे गए व्यक्ति की
पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन रिटायर्ड कर्नल के बेटे थे।
इस हत्याकांड के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद पहुंचा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी है। फॉरेंसिक की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, डालनवाला कोतवाली इलाके में स्थित तिब्बती मार्केट में 40 साल के अर्जुन शर्मा को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। गोली मारने के बाद हमलावर फरार हो गए।गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां लोगों ने अर्जुन शर्मा को तड़पता देखा।उसके शरीर से खून बह रहा था। इसी दौरान किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त नाकेबंदी
अस्पताल ले जाने तक घायल शख्स का काफी खून बह चुका था। जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक को गोली मारने की सूचना मिलने के बाद एसएसपी दून अजय सिंह अस्पताल पहुंचे। गोली मारने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून पुलिस ने पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी है। सभी चेक पोस्ट पर चेकिंग अभियान चल रहा है।
टेनिस खेलकर घर लौट रहे था अर्जुन शर्मा
पुलिस के अनुसार, 40 साल के अर्जुन शर्मा का घर आईटीबीपी में है। वो जीएमएस रोड पर फर्म अमर दीप के नाम से भारत गैस एजेंसी के मालिक था। अर्जुन तिब्बती मार्किट के सामने परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आता था। आज भी वो टेनिस खेल कर वापस घर जा रहा था। इसी दौरान दो युवकों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड के पीछे करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी का विवाद बताया जा रहा है। ये भी बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा और उनके भाई को उनकी मां ने प्रॉपर्टी से बेदखल कर रखा था।
आईजी ने कहा – फैमिली बिजनेस को लेकर मृतक का चल रहा था पारिवारिक विवाद
गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि घटना की सूचना पर उच्चाधिकारियों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गयी। घटना की प्रारंभिक जांच में मृतक के बारे में जानकारी की गई तो उनका फैमिली बिजनेस को लेकर पारिवारिक विवाद होना और उसी विवाद के चलते उनकी मां द्वारा उच्च न्यायालय से अपने बेटे (जिसकी मौत हो गई है) से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा प्राप्त किया जाना प्रकाश में आया है।
पुलिस के अनुसार, स्कूटी सवार 02 व्यक्तियों ने घटना को अंजाम दिया जाना प्रकाश में आया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देशों पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। साथ ही पूरे जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। घटना के खुलासे के लिए सभी तथ्यों पर पुलिस  गहन जांच कर रही है।
अर्जुन के दोस्त ने कहा,अर्जुन को लगातार जान से मारने की मिल रही थी धमकियां 
अर्जुन शर्मा के दोस्त राजीव यादव ने बताया है कि अर्जुन को पहले भी कई बार धमकी मिली थी। इसको लेकर उन्होंने एसएसपी और थाना वसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही बताया है कि अर्जुन का अपनी माता के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। राजीव ने एक शख्स का नाम लेते हुए कहा कि, वो अर्जुन को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था।
देहरादून जिले में दो हफ्ते के अंदर 4 हत्याएं 
तिब्बती मार्केट में 40 साल के व्यक्ति की हत्या के साथ देहरादून जिले में दो हफ्ते के अंदर ये चौथा  हत्याकांड है।इनमें तीन हत्याएं महिलाओं की हुई हैं। 29 जनवरी को विकासनगर इलाके में छात्रा की हत्या हुई थी।इसके बाद 31 जनवरी को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या की गई थी। फिर 2 फरवरी को देहरादन के मच्छी बाजार में गुंजन नाम की युवती की हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं ने राजधानी देहरादून में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है।
कब- कब हुई हत्याएं 
29 जनवरी को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की हत्या
31 जनवरी को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या
02 फरवरी को देहरादून में युवती की गला रेतकर हत्या
11 फरवरी को देहरादून में 40 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button