प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बोले – भाजपा के लिए हमेशा शुभ रहा है कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा

कहा – सेना और सनातन विरोधी लोग देवभूमि में अस्वीकार्य
देहरादून । भाजपा ने कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को उनके आने पर पुनर्विचार करना चाहिए, क्योंकि उनकी उपस्थिति हमेशा भाजपा के लिए ही लाभकारी साबित होती है। चूंकि देवभूमि की राष्ट्रवादी जनता लगातार सेना और सनातन का अपमान करने वाले को कभी बर्दास्त नहीं करती है। लिहाजा कोई भी बड़े से बड़ा नेता आए, कांग्रेस पार्टी को उत्तराखंड में अस्तित्व के लिए जूझना ही पड़ेगा।
विभिन्न माध्यमों से मीडिया के पूछे सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से सेना और सनातन विरोधी पार्टी है। जिसमें उनकी पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी का योगदान सबसे अधिक है। लिहाजा उनके आने से प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को खुशफहमी हो सकती है, लेकिन प्रदेश की प्रबुद्ध जनता को नही। क्योंकि राहुल और कांग्रेस पार्टी का सनातन एवं सेना विरोधी चाल, चरित्र और चेहरा सब देख चुके हैं। राज्य की सांस्कृतिक एवं राष्ट्र विरोधी जनता कभी ऐसे व्यक्ति पर विश्वास नहीं करने वाली है जो लगातार सेना का अपमान करते हों। वह सेना के ऑपरेशन को खून की दलाली कहते हैं और सेना के शौर्य पर सबूत चाहिए। उत्तराखंड सैन्य बहुल प्रदेश है, जिसके युवाओं ने देश पर पीढ़ी दर पीढ़ी मर मिटना सीखा है वहां की देशभक्त जनता विपक्ष के ऐसे कायरों और मौकापरस्तों को कभी भी स्वीकार नहीं करने वाली है।
उन्होंने कहा कि हमारे राज्य को देवभूमि भी कहा जाता है, जहां से सनातनी विचारों एवं संस्कृति का संदेश दुनिया भर में जाता है। यहाँ के देवतुल्य लोग राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को कभी स्वीकार नहीं करने वाले हैं।
उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं को गलतफहमी हो सकती है कि राहुल गांधी के आने से राज्य में उनकी स्थिति में कोई सुधार आ सकता है। जबकि प्रदेश की जनता का मत पूरी तरह स्पष्ट है कि सनातन और राष्ट्र विरोधी लोगो को बर्दाश्त नही किया जायेगा। जहां तक भाजपा की बात है तो हम भी निश्चिंत है कि राहुल गांधी का आना हमेशा हमारी पार्टी के लिए शुभ होता है।





