उत्तराखण्डदेहरादूनराजनीति

भाजपा राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने दाखिल किया नामांकन, मुख्यमंत्री धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट रहे मौजूद 

 मंत्री और पार्टी विधायक रहे मौजूद, दो सेट में जमा किया नामांकन
देहरादून।उत्तराखंड के कोटे से राज्यसभा जाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार दिनेश आर्य ने मंगलवार  को देहरादून स्थित विधानसभा परिसर में अपना पर्चा दाखिल किया। उन्होंने विधानसभा के प्रभारी सचिव हेमचंद पंत को नामांकन पत्र सौंपा। नामांकन के लिए दिनेश आर्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ विधानसभा पहुंचे।
उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी विधायकों की मौजूदगी में दिनेश आर्य ने नामांकन दाखिल किया । उन्होंने अपना नामांकन दो सेट में जमा किया है। पहले सेट में प्रस्तावक के रूप में विधायक सरिता आर्या, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक महेश जीना, शिवकुमार अरोड़ा, बिशन सिंह चुफाल ,पार्वती दास, सविता कपूर और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी शामिल रहे।
वहीं दूसरे सेट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, सुबोध उनियाल,रेखा आर्य, मदन कौशिक, विधायक प्रीतम सिंह पंवार, मुन्ना सिंह चौहान और विनोद चमोली शामिल रहे।
नामांकन से पहले सुबह 10 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई। वहीं, दिनेश आर्य के विधिवत नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद भाजपा  प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने उनके निर्विरोध निर्वाचित होने की उम्मीद जताई
भट्ट ने कहा कि राज्य के सभी वर्गों और भाजपा कार्यकर्ताओं में इस निर्णय से उत्साह का माहौल है। ज्ञात हो कि भारत निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है। इसके बाद 16 अक्टूबर  को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी।
********************************************
आज नामांकन की प्रक्रिया हो गई है।हमारे प्रत्याशी दिनेश आर्य ने नामांकन कर लिया है।मैं इस अवसर पर हमारे प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी हाईकमान को हार्दिक धन्यवाद करता हूं। दिनेश आर्य बहुत सामान्य पृष्ठभूमि से आए।अनेक दायित्वों पर रहकर पार्टी के दिशा-निर्देश का हमेशा पालन किया। इनके राज्यसभा सांसद बनने से ये संदेश जाएगा कि भाजपा का एक आम कार्यकर्ता भी बड़े पद पर जा सकता है।
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड –
*********************************************
2032 तक रहेगा दिनेश आर्य का कार्यकाल
राज्यसभा सदस्य का कार्यकाल 6 साल का होता है। राज्यसभा एक स्थायी सदन है, जो कभी भंग नहीं होता है। इसके हर दो साल में एक-तिहाई (1/3) सदस्य सेवानिवृत्त होते हैं और उनकी जगह नए सदस्यों का चुनाव किया जाता है। अभी जो राज्यसभा सदस्य चुने जाएंगे उनका कार्यकाल अगले 6 वर्ष यानी 2032 तक रहेगा। उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल आगामी 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। नरेश बंसल निर्विरोध चुनकर राज्यसभा पहुंचे थे।
दिनेश आर्य को राज्यसभा में भेजना कार्यकर्ताओं के मन का निर्णय: महेंद्र भट्ट
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि दिनेश आर्य, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। हमारे जिलाध्यक्ष रहे हैं। संगठन में बहुत लंबे समय से शानदार काम रहे हैं। उन्होंने नेतृत्व के निर्णय को बहुत अच्छा और कार्यकर्ताओं के मन का बताते हुए कहा कि समूचे राज्य, खास तौर पर पूरे कुमाऊं क्षेत्र में पार्टी की मजबूती में उनका बहुत बड़ा योगदान है। निश्चित रूप से दिनेश आर्य का राज्यसभा में जाना भाजपा और प्रदेश की जनता के लिए बहुत लाभकारी रहने वाला है। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता को बड़े से बड़ा पद मिलना भाजपा में ही संभव है।
कुमाऊं को 12 साल बाद राज्यसभा में मिला 

प्रतिनिधित्व
भाजपा ने उत्तराखंड से राज्यसभा के लिए हल्द्वानी के दिनेश आर्य को प्रत्याशी बनाकर एक  फैसला लिया है, जिसके कई अर्थ राजनीतिक गलियारों में निकाले जा रहे हैं।पार्टी ने लंबे समय से संगठन में सक्रिय कार्यकर्ता को संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा में भेजने का जहां संदेश दिया है, वहीं करीब 12 साल बाद कुमाऊं से भाजपा के किसी नेता को राज्यसभा भेजकर क्षेत्रीय संतुलन साधने का प्रयास भी किया है। मौजूदा समय में उत्तराखंड कोटे की तीनों राज्यसभा सीटों पर गढ़वाल से जुड़े नेताओं का प्रतिनिधित्व है। जिनमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल और डॉ कल्पना सैनी शामिल है ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button