दिखाया आईना – कांग्रेस के पास घटनाओं की सूची, भाजपा के पास अपराधियों पर कारवाई के मजबूत आंकड़े: मनवीर चौहान

रायपुर मे पीड़ित परिवार के साथ संवेदना के बजाय राजनैतिक हमले पर उतारू है कांग्रेस
देहरादून। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने रायपुर के विष्णु लोक में हुए तिहरे हत्याकांड को बेहद गंभीर और दुखद घटना बताते हुए कहा कि तीन निर्दोष लोगों की हत्या से पूरा समाज स्तब्ध है, लेकिन कांग्रेस इस संवेदनशील घटना को राजनीतिक आरोपों का माध्यम बनाने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
चौहान ने कहा कि रायपुर की घटना पर कांग्रेस को पीड़ित परिवार के साथ संवेदना और जांच में भरोसा दिखाना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस ने इसे राजनीतिक हमला करने का अवसर बना लिया। उन्होंने कहा कि किसी एक जघन्य आपराधिक घटना के आधार पर पूरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर फैसला सुना देना जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा कि अपराध होना निश्चित रूप से गंभीर चिंता का विषय है, लेकिन कानून-व्यवस्था का आंकलन केवल घटनाओं की सूची गिनाकर नहीं किया जा सकता। यह भी देखना होता है कि अपराध के बाद पुलिस कितनी तेजी से कार्रवाई करती है, अपराधी तक कैसे पहुंचती है और उसे कानून के कटघरे में कैसे खड़ा करती है। रायपुर की घटना में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच आगे बढ़ाई है।
भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस को सरकार की कार्रवाई दिखाई नहीं देती, लेकिन ‘ऑपरेशन प्रहार’ जरूर याद रखना चाहिए। राज्य में वांछित और पेशेवर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर गिरफ्तारी, चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम केवल अपराधों की सूची गिनाकर राजनीतिक माहौल बनाना नहीं होना चाहिए। जनता को बयान नहीं, अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई चाहिए।चौहान ने कहा कि कांग्रेस को अपने शासनकाल का रिकॉर्ड भूलकर कानून-व्यवस्था पर उपदेश देने से पहले यह देखना चाहिए कि भाजपा सरकार ने व्यवस्था के अलग-अलग स्तरों पर क्या बदलाव किए हैं। कांग्रेस के पास घटनाओं की सूची हो सकती है, लेकिन सरकार के पास अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, पुलिस बल की क्षमता और व्यवस्था को मजबूत करने के आंकड़े हैं।
उन्होंने कहा कि रायपुर की घटना में जांच जारी है और दोषियों को कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई का सामना करना होगा। कांग्रेस को जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक निष्कर्ष निकालने के बजाय पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। सरकार अपराध को छिपाने या दबाने में नहीं, बल्कि अपराधियों को पकड़कर कानून के दायरे में लाने में विश्वास करती है।
चौहान ने कहा कि रायपुर की दुखद घटना पर कांग्रेस राजनीति कर सकती है, लेकिन सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट है कि अपराधी की पहचान, गिरफ्तारी, जांच और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करना है। कांग्रेस घटनाओं को राजनीतिक हथियार बनाने के बजाय जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाए। जनता को राजनीति नहीं, न्याय चाहिए और सरकार न्याय सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई कर रही है।





