राष्ट्रीय

लंबी है हाफिज सईद के बेटे तल्हा के गुनाहों की लिस्ट

नई दिल्ली। सरकार ने लश्कर-ए-तैयबा (एलइटी) के संस्थापक और मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद के बेटे हाफिज तल्हा सईद को भारत की तरफ से घोषित आतंकियों की सूची में शामिल कर दिया है। इसके लिए गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) कानून, 1967 में आवश्यक संशोधन किया गया है। गृह मंत्रालय ने इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी है। सरकार ने पाकिस्तान की आतंकवाद रोधी अदालत की ओर से हाफिज सईद को 32 साल जेल की सजा सुनाए जाने के दिन यह कदम उठाया। अफगानिस्तान में तालिबान के साथ अपने संपर्क के जरिये तल्हा सईद भारत के खिलाफ साजिश रचने में शामिल रहा है। गृह मंत्रालय की शुक्रवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक 48 वर्षीय तल्हा सईद अभी लश्कर के मौलानाओं के विंग का मुखिया है। वह आतंकियों की भर्ती करने से लेकर उन्हें प्रशिक्षित करने, संगठन के लिए फंड जुटाने, भारत व अफगानिस्तान में भारतीय हितों से जुड़े प्रतिष्ठानों पर हमला कराने का काम कर रहा है। तल्हा सईद भारत के अलावा अमेरिका और इजरायल के खिलाफ जिहाद के नाम पर युवाओं को भड़काने का काम करता है। वह पश्चिमी देशों में भारत के हितों के खिलाफ अभियान भी चला रहा है। तल्हा के पिता हाफिज सईद को भी सबसे पहले भारत ने ही आतंकी करार दिया था। बाद में उसे अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस समेत कई देशों और संयुक्त राष्ट्र ने आतंकी घोषित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button