उत्तराखण्डहरिद्वार

उत्तराखंड : कृषि मंत्री जोशी ने कहा- विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड मेगा प्रदर्शनी नए और आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर 

रूड़की में आयोजित तीन दिवसीय  विकसित भारत-विकसित उत्तराखण्ड मेगा प्रदर्शनी कार्यक्रम में पहुंचे कृषि मंत्री,

बोले – यह आयोजन प्रधानमंत्री  मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम
रुड़की। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को रूड़की के नेहरू स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय  विकसित भारत-विकसित उत्तराखण्ड मेगा प्रदर्शनी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने भी प्रतिभाग कर आयोजन की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंड के विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा  कि यह प्रदर्शनी नए और आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर प्रस्तुत कर रही है।  जोशी ने इस आयोजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी हमें भारत की आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और विकास योजनाओं से रूबरू कराती है। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी दर्शाती है।  जोशी ने राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से आम जनता को विकसित हो रहे भारत और उत्तराखंड की उपलब्धियों से रूबरू होने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि इन स्टॉल्स में भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति को दर्शाया गया है। खासतौर पर इसरो का स्पेस टेक्नोलॉजी स्टॉल और डीआरडीओ का रक्षा अनुसंधान स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार के विभिन्न विभागों ने भी अपने स्टॉल लगाए, जिनमें प्रदेश में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों और विकास परियोजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों ने स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शनी में रखा, जिससे उत्तराखंड के हस्तशिल्प, जैविक उत्पादों और पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह पहल उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व विकास किया है और हर क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी उत्तराखंड के विकास के नए आयाम स्थापित करने में मददगार साबित होगी।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, जिलाध्यक्ष शोभा राम प्रजापति, ललित मोहन अग्रवाल, सिद्धार्थ बंसल, श्रीकांत शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button