उत्तराखण्डकृषिदेहरादूनराष्ट्रीय

कृषि मंत्री जोशी ने विकसित कृषि संकल्प अभियान और कृषि महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा, कल से शुरू होगा कार्यक्रम

29 मई से 12 जून  तक चलेगा राष्ट्रव्यापी “विकसित कृषि संकल्प अभियान
देहरादून। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में राजकीय व निजी कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।  29 मई से 12 जून  तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी “विकसित कृषि संकल्प अभियान” तथा 14-15 जून को देहरादून में आयोजित होने वाले कृषि महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित की गई।
बैठक में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विकसित कृषि संकल्प अभियान की सभी आवश्यक तैयारियां को अंतिम रूप देने और कृषि मेले के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में शुरू किया जा रहा है, जो देश में कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने का कार्य करेगा। कृषि मंत्री जोशी ने कहा कि इस अभिनव अभियान के तहत 2,170 विशेषज्ञ टीमों का गठन किया गया है, जो देश के 65,000 से अधिक गांवों का दौरा करेंगी। ये टीमें स्थानीय कृषि-जलवायु परिस्थितियों, मिट्टी की उर्वरता, जल उपलब्धता, और वर्षा पैटर्न का आकलन करेंगी। इसके अलावा, ये टीमें किसानों से सीधा संवाद कर उन्हें उचित फसल चयन, उच्च उपज वाले बीज, आदर्श बुवाई तकनीक, और संतुलित उर्वरक उपयोग की जानकारी देंगी।
कृषि मंत्री ने बताया कि अभियान का उद्देश्य वैज्ञानिक पद्धतियों से खेती को बढ़ावा देना, कृषि लागत को कम करना और मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार लाना है। उन्होंने सभी शैक्षणिक संस्थानों से अभियान और कृषि महोत्सव में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को कृषि मेले की व्यवस्थाओं जैसे प्रदर्शनी स्टॉल, किसान जागरूकता सत्र, और तकनीकी परिचर्चाओं की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। कृषि मंत्री जोशी ने कहा कि यह अभियान देश के 1.3 करोड़ से अधिक किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा और भारत में कृषि जागरूकता एवं नवाचार को नई दिशा देगा।इस अवसर पर कृषि महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, कृषि निदेशक केसी पाठक, बागवानी मिशन निदेशक महेंद्र पाल, कैप डायरेक्टर नृपेंद्र सिंह चौहान, जैविक बोर्ड के एमडी विनय कुमार, डॉ. रतन कुमार, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, कुलपति पंतनगर विवि डॉ. एमएस चौहान, कुलपति भरसार प्रो. परमिंदर कौशल, सहायक प्रोफेसर डॉल्फिन इंस्टीट्यूट उपेंद्र द्विवेदी, डीन एग्री ग्राफिक एरा एमके नौटियाल, एसजीआरआर विवि प्रियंका बुडाकोटी, प्राचार्य साईं इंस्टीट्यूट डॉ. संध्या सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
14-15 जून को देहरादून में आयोजित होगा कृषि महोत्सव
देहरादून।कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि 14-15 जून को देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में भव्य कृषि मेला आयोजित होगा। इसमें प्रदेश के किसान, एफपीओ, स्टार्टअप्स, विश्वविद्यालय, अनुसंधान संस्थान, स्वयं सहायता समूह भाग लेंगे। मेले में स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी, मोटे अनाज (मिलेट्स) पर चर्चा, वैज्ञानिक सत्र और नवाचारों की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेंगे। उन्होंने कहा कि उद्घाटन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। साथ ही कार्यक्रम में अन्य राज्यों के कृषि मंत्री एवं देश-विदेश के विशेषज्ञ शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button