लखपति दीदी’ पहल को नगर निगम देहरादून ने दिया नया आयाम, महापौर व नगर आयुक्त ने किए 47 स्वयं सहायता समूहों को उपयोगकर्ता शुल्क की धनराशि के चेक वितरित

महापौर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने स्वयं सहायता समूहों को सराहा
देहरादून। भारत सरकार एवं उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘लखपति दीदी’ पहल के अंतर्गत महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में नगर निगम देहरादून ने शहर के विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य कर रहे 47 स्वयं सहायता समूहों को कूड़ा उपयोगकर्ता शुल्क (यूजर चार्ज) से प्राप्त धनराशि के चेक वितरित किए ।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को चेक प्रदान करते हुए उन्हें स्वरोजगार, स्वावलंबन एवं आर्थिक उन्नति के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर निगम देहरादून स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है और स्वयं सहायता समूह इस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ‘लखपति दीदी’ पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। नगर निगम देहरादून इस संकल्प को धरातल पर उतारते हुए महिलाओं को स्वच्छता व्यवस्था से जोड़कर सम्मानजनक रोजगार एवं नियमित आय उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से एक ओर शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ हुई है तो दूसरी ओर सैकड़ों परिवारों को स्थायी आय का स्रोत प्राप्त हुआ है। नगर निगम का प्रयास है कि अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नगर निगम की अन्य योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवारों एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं उनके निर्देशों के अनुरूप उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। नगर निगम देहरादून भी इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए शहर के विभिन्न वार्डों में स्वयं सहायता समूहों को स्वच्छता व्यवस्था से जोड़कर उन्हें नियमित रोजगार एवं आय के अवसर उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा कि घर-घर कूड़ा संग्रहण के माध्यम से प्राप्त उपयोगकर्ता शुल्क की धनराशि का पूर्ण पारदर्शिता के साथ स्वयं सहायता समूहों को वितरण किया जा रहा है। इससे महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि हो रही है तथा वे ‘लखपति दीदी’ बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं। यह पहल केवल स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा उन्हें सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
नगर आयुक्त ने कहा कि स्वयं सहायता समूह आज सामाजिक परिवर्तन, महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन एवं जनभागीदारी के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। स्वच्छ भारत मिशन की सफलता में भी इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। नगर निगम भविष्य में भी मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में महिला स्वयं सहायता समूहों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर, प्रशिक्षण, क्षमता विकास एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा, जिससे अधिकाधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनने के लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम देहरादून स्वच्छता एवं महिला सशक्तिकरण का ऐसा मॉडल विकसित कर रहा है, जिसमें स्वच्छ शहर के साथ-साथ महिलाओं की आर्थिक उन्नति भी सुनिश्चित हो रही है। यह पहल स्वच्छ, सुंदर एवं आत्मनिर्भर देहरादून के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नगर निगम ने इन स्वयं सहायता समूहों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इनकी कार्यशैली अन्य समूहों के लिए भी प्रेरणास्रोत है तथा भविष्य में उपयोगकर्ता शुल्क संग्रहण एवं स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
कार्यक्रम में लाभार्थी महिलाओं ने भारत सरकार, उत्तराखंड सरकार, महापौर थपलियाल तथा नगर आयुक्त पाण्डेय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त धनराशि उनके स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों के विस्तार, आजीविका के नए साधन विकसित करने तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम का यह सहयोग भविष्य में भी उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करता रहेगा।





