उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनावः सैकड़ों दावेदारों के अरमानों पर फिरा पानी- 3382 नामांकन निरस्त

सभी पदों पर कल दोपहर 3 बजे तक होगी प्रत्याशियों की नाम वापसी
देहरादून।उत्तराखंड राज्य के त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के लिए नाम निर्देशन पत्रों की जांच की कार्यवाही 09 जुलाई को समाप्त हो गयी। 10 जुलाई को नाम वापसी की प्रक्रिया शुरु हो गई है जो 11 जुलाई दोपहर 3.00 बजे तक चलेगी।नाम निर्देशन पत्रों की जांच के बाद अगला चरण नाम वापसी का है। वैध रूप से नामांकित उम्मीदवार 11 जुलाई को पूर्वान्ह 08:00 बजे से अपरान्ह 03:00 बजे के मध्य अपना नाम वापस ले सकते हैं। नाम वापसी के पश्चात् निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवारों एवं निर्वाचन लड़ने वाले अन्तिम अभ्यर्थियों की स्थिति स्पष्ट हो जायेगी। राज्य निर्वाचन आयोग, त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन, 2025 को दृढ़ता, कुशलता, पारदर्शिता, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप निष्पादित कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
विभिन्न पदों के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच के बाद निरस्त एवं वैध पाए गए नाम निर्देशन पत्रों का विवरण
1. जिला पंचायत सदस्य के पद के लिए प्राप्त 1885 नामांकनों के सापेक्ष कुल 37 नामांकन निरस्त किये गये और 1848 नामांकन वैध पाए गये।
2. क्षेत्र पंचायत सदस्य के पद के लिए प्राप्त 11430 नामांकनों के सापेक्ष कुल 317 नामांकन निरस्त किये गये और 11113 नामांकन वैध पाए गये।
3. प्रधान ग्राम पंचायत के पद के लिए प्राप्त 21876 नामांकनों के सापेक्ष कुल 297 नामांकन निरस्त किये गये और 21579 नामांकन वैध पाए गये।
4. सदस्य ग्राम पंचायत के पद के लिए प्राप्त 28318 नामांकनों के सापेक्ष कुल 2731 नामांकन निरस्त किये गये और 25587 नामांकन वैध पाए गये।





