उत्तराखण्डदेहरादून

टिहरी में दुखद हादसा: बारात के लिए जा रही स्कॉर्पियो 300 मीटर गहरी खाई में गिरी, तीन की मौत, दो घायल 

विमल कंडियाल , राहुल कलूड़ा  और आशीष कलूड़ा की मौत, निखिल रमोला और तनुज पुंडीर  गंभीर रूप से घायल 
देहरादून ।  उत्तराखंड के टिहरी जिले में बुधवार रात खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। गूलर-मोटर मार्ग पर बारात में शामिल लोगों को ले जा रही एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
यह दुखद घटना तब हुई जब ये सभी युवक ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र से टिहरी जिले के नरेंद्रनगर ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम सभा नाई गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। ऋषिकेश के गुमानीवाला से चली यह बारात जब रात करीब आठ बजे गूलर से 18 किलोमीटर पहले कुंडिया गांव के पास पहुंची, तभी स्कॉर्पियो नियंत्रण खो बैठी और खाई की ओर लुढ़क गई। इस भयावह हादसे के तुरंत बाद, वाहन में सवार निखिल रमोला (21) ने अपने दोस्त को फोन कर घटना की जानकारी दी और अपनी गूगल लोकेशन भी साझा कर दी। इसी सूचना के आधार पर बचाव कार्य शुरू हो सका।
मुनिकीरेती थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया, “निखिल की त्वरित सूचना और लोकेशन भेजने के कारण हमें घटनास्थल तक पहुंचने में देरी नहीं हुई। इसके आधार पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ में तैनात निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया, “जब हमारी टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब तक विमल कंडियाल (31), राहुल कलूड़ा (23) और आशीष कलूड़ा (26) ने दम तोड़ दिया था। निखिल रमोला और तनुज पुंडीर (26) गंभीर रूप से घायल थे। निरीक्षक सजवाण ने कहा कि, “कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अंधेरे के बावजूद, SDRF टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रातभर कड़ी मशक्कत करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। खाई से शवों और घायलों को बाहर निकालना अत्यंत चुनौतीपूर्ण था।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया , जहां निखिल की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद जिला पुलिस को सौंप दिया गया है। हादसे में मारे गए तीनों
मृतकों की शिनाख्त विमल कंडियाल, राहुल कलूड़ा और आशीष कलूड़ा निवासी श्यामपुर के रूप में हुई है।जिनकी मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई । पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button