कांग्रेस के पास प्रस्तावक नही,खरीद फरोख्त के दावे हस्यास्पद: मनवीर चौहान

पंचायत चुनाव में उतरने से कतरा रही कांग्रेस की खुली कलई,
ग्रामीण सरकार के लिए दिये जनादेश का अपमान कर रही कांग्रेस,
पंचायत चुनाव मे भाजपा के बेहतर प्रदर्शन से कांग्रेस निराश और हताश
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि पंचायत चुनाव मे भाजपा के बेहतर प्रदर्शन से कांग्रेस निराश और हताश है। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों पर काग्रेस की स्थिति यह है कि दावेदारों के सामने प्रस्तावक नही हैं और निर्विरोध हो रहे भाजपा प्रत्याशियों पर खरीद फरोख्त के हास्यास्पद आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत की 5 सीटों और ब्लॉक प्रमुख के 16 पदों पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध जीत हासिल कर चुके हैं। चौहान ने कहा कि जीत का यह सिलसिला जारी है और चुनाव से पहले बड़ी संख्या मे जिप अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध जीत हासिल करेंगे। यह निर्वाचित प्रतिनिधियों का विकास के प्रति संकल्प को प्रबल करता है।
चौहान ने कहा कि भाजपा को सदस्यों की खरीद फरोख्त की जरूरत नही है, क्योंकि सभी पदों पर अधिकांश रूप मे अधिकृत प्रत्याशी जीत हासिल कर आये है और इसी का परिणाम है कि पार्टी जिला पंचायत अथवा ब्लॉक प्रमुख के पदों पर निर्विरोध जीत हासिल कर रही है। कांग्रेस पहले चुनाव रोकने के लिए तमाम हथकंडे अपनाती रही और जब परिणाम सामने आये तो उसकी असलियत सामने आ गयी। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मे उतरने से कतरा रही कांग्रेस क्यों चुनाव रोकने को उतावली थी, इससे यह भी साफ हो गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा मे आ रहे सदस्य किसी प्रलोभन के बजाय विकास की राह पकड़ रहे हैं तो इसमें कुछ भी बुरा नही है और कांग्रेस का तर्क पूरी तरह से गलत है। भाजपा विकास मे सहभागी बनने वाले हर सदस्य का स्वागत करती रही है और ग्रामीण क्षेत्र मे खुशहाली आये तो इसमें कुछ भी बुरा नही है। हालांकि प्रधान, क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत मे जनता ने भाजपा समर्थित अथवा भाजपा कार्यकर्ताओ को भरपूर आशीर्वाद दिया है। कांग्रेस को सच को स्वीकार कर जनादेश का अपमान नही करना चाहिए। पंचायत चुनाव मे जनता ने ग्रामीण क्षेत्र को ट्रिपल इंजन के हवाले किया है और उसमे कांग्रेस को खोट तलाशने से बाज आना चाहिए।





