अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर टीएचडीसीआईएल में कार्यक्रम आयोजित, CMD विश्नोई ने कहा – योग हमारी प्राचीन भारतीय परंपरा का एक अमूल्य उपहार

शारीरिक जीवन शक्ति और मानसिक स्वास्थ्य दोनों का विकास करने के लिए सबसे शक्तिशाली व विश्वसनीय साधनों में से एक है योग,
टीएचडीसीआई के कॉरपोरेट कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मना अंतर राष्ट्रीय योग दिवस,
कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों व पारिवारिक सदस्यों ने किया विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास
ऋषिकेश। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के कॉरपोरेट कार्याल में शनिवार को अंतर राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों व उनके परिवार के सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पर तन-मन को स्वस्थ रखने के लिए विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
शनिवार को कंपनी सामुदायिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में सीएमडी आरके विश्नोई ने वर्तमान समय में मनुष्य की व्यस्त जीवनशैली में योग की बढ़ती प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन भारतीय परंपरा का एक अमूल्य उपहार है। शारीरिक जीवन शक्ति और मानसिक स्वास्थ्य दोनों का विकास करने के लिए सबसे शक्तिशाली व विश्वसनीय साधनों में से एक है। बोले, यह आधुनिक जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए आंतरिक शक्ति, अनुशासन और लचीलापन प्रदान करता है।
निदेशक कार्मिक शैलेंद्र और निदेशक तकनीकी भूपेंद्र गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की। कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से ही संयुक्त राष्ट्र ने अंतर राष्ट्रीय योग दिवस की घोषणा की। कहा कि मौजूदा वक्त में योग सीमाओं को पार कर गया है और एक सार्वभौमिक अभ्यास बन गया है, जिससे शरीर, मन और आत्मा में सामंजस्य लाने की क्षमता के लिए दुनिया भर में लाखों लोगों ने इसे दिनचर्या में अपनाया है।
मुख्य महाप्रबंधक कारपोरेट संचार डॉ. एएन त्रिपाठी ने बताया कि कंपनी की सभी परियोजनाओं व इकाई कार्यालय में अंतर राष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए। मौके पर कार्यपालक निदेशक तकनीकी संदीप सिंघल आदि मौजूद रहे।





