कंटेंट क्रिएटर्स प्रतियोगिता 2025” में प्राप्त हुई 110 प्रविष्टियां,राज्य की संस्कृति के प्रचार-प्रसार का पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास: तिवारी

प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर आयोजित की गई प्रतियोगिता,
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने किया आयोजन
परिषद के सीईओ बंशीधर तिवारी के निर्देशन में हुआ आयोजन
देहरादून।उत्तराखण्ड राज्य की संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिये राज्य में बारहमासी पर्यटन को बढ़ावा देने, राज्य को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिये उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद की और से “कंटेंट क्रिएटर्स प्रतियोगिता 2025” का आयोजन किया गया। यह आयोजन 23 मार्च, से 23 मई तक आयोजित किया गया।
इस संबंध में उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसी वर्ष 06 मार्च को उत्तराखण्ड में शीतकालीन प्रवास के दौरान कंटेंट क्रिएशन पर जोर देने का आह्वान किया गया था। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में राज्य की संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए राज्य में बारहमासी पर्यटन को बढ़ावा देने को सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स को आमंत्रित करते हुए “कंटेंट क्रिएटर्स प्रतियोगिता 2025” आयोजित की गई।
कंटेंट क्रिएटर्स ने दिखाया भारी उत्साहः तिवारी
बंशीधर तिवारी ने बताया कि इस प्रतियोगिता को लेकर कंटेंट क्रिएटर्स द्वारा काफी उत्साह दिखाया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 110 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई हैं। जिनमें 56 रील्स की और 54 शॉर्ट फिल्म की श्रेणी में हैं। प्रतियोगिता में प्राप्त होने वाले आवेदनों का परीक्षण एवं विजेता प्रतिभागियों के चयन को मुख्य कार्यकारी अधिकारी/महानिदेशक सूचना की अध्यक्षता में निर्णायक मण्डल समिति का गठन किया गया है। इस समिति में एफ.टी.आई. एवं पर्यटन विभाग से विषय विशेषज्ञों को सदस्य के रूप में नामित किया गया है। इस समिति की बैठक 26 जून को की गई ।
प्रतियोगिता में मुख्यतः 08 श्रेणी (कैटेगरी) के तहत 01 मिनट तक रील और 05 मिनट तक की शार्ट फिल्मों के लिए आवेदन आमंत्रित किये गये थे, इनमें 1. उत्तराखंडी पारंपरिक खानपान, 2. उत्तराखंड होमस्टे, 3. उत्तराखंड में बारहमासी पर्यटन, 4. उत्तराखंड में अपेक्षाकृत कम प्रसिद्ध पौराणिक मंदिर एवं तीर्थाटन, 5. उत्तराखंड आयुष एवं वेलनेस, 6. उत्तराखंड अनछुए मनोरम पर्यटन स्थल, 7. उत्तराखंड साहसिक पर्यटन स्थल (अपेक्षाकृत कम प्रसिद्ध), 8. उत्तराखंड वेडिंग डेस्टिनेशन आदि शामिल है। प्रत्येक श्रेणी में 5-5 लाख रुपए के दो-दो पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे।





