नैनीताल जिला पंचायत चुनाव के परिणामों की घोषणा, भाजपा प्रत्याशी दीपा दर्मवाल बनीं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की देवकी बिष्ट जीतीं

भाजपा की दीपा दर्मवाल को 11 व कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी को 10 वोट मिले,
जीत के बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल
नैनीताल। उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए हैं. जिला पंचायत अध्यक्ष पर जहां बीजेपी की दीपा दर्मवाल जीत हुई है तो वहीं उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की देवकी बिष्ट जीती हैं।
नैनीताल जिले में कुल 27 जिला पंचायत सदस्य हैं, इनमें से केवल 22 सदस्यों ने मतदान किया, जबकि 5 सदस्य मतदान में शामिल नहीं हो सके।इन 22 वोटों में भाजपा प्रत्याशी दीपा दर्मवाल को 11 वोट, कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी को 10 वोट मिले, जबकि एक वोट अवैध (अनवैलिड) घोषित किया गया।इस तरह मात्र एक वोट के अंतर से भाजपा प्रत्याशी ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए थे।कांग्रेस नेताओं का कहना था कि उनके 5 जिला पंचायत सदस्यों का अपहरण कर लिया गया, ताकि वे मतदान में शामिल न हो सकें। यही नहीं, इस मामले को लेकर कांग्रेस ने नैनीताल हाईकोर्ट का दरवाज़ा भी खटखटाया था। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
हालांकि बाद में उन्हीं पांच सदस्यों ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर दावा किया कि वे कहीं घूमने गए थे, इसी वजह से वे मतदान में शामिल नहीं हो पाए। इससे पूरे घटनाक्रम में और भी राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा खेमे में जश्न का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने दीपा दर्मवाल और देवकी बिष्ट को फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। अधिकारियों ने औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों विजेताओं को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) भी सौंप दिए हैं।
नैनीताल जिला पंचायत का यह चुनाव शुरू से ही सुर्खियों में रहा। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही इसे प्रतिष्ठा का चुनाव बना दिया था। एक वोट के अंतर से हुआ यह नतीजा भाजपा के लिए बड़ी जीत मानी जा रही है। वहीं कांग्रेस लगातार इस चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है और कोर्ट में भी अपनी लड़ाई जारी रखे हुए है।
जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने कहा कि यह जीत जनता और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। मैं सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करती हूं और भरोसा दिलाती हूं कि आने वाले समय में जिले के विकास के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करूंगी।”





