उत्तराखण्डउधम सिंह नगर

सीएम पुष्कर धामी ने खटीमा गोलीकांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कहा – हर नागरिक  इन सभी वीर सपूतों का सदैव ऋणी रहेगा।

पृथक राज्य आंदोलन के शहीदों की कुर्बानी को याद कर किया नमन,
शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र व उपहार देकर किया सम्मानित
खटीमा। उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलन के दौरान शहीद हुए आन्दोलनकारियों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सीएम धामी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने शहीद राज्य आन्दोलन कारियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किये और उनके परिजन नानक सिंह, नरेंद्र चंद्र, जगत सिंह, अनिल भट्ट, शरीफ अहमद को अंगवस्त्र व उपहार देकर सम्मानित किया। मुख्यमत्री ने कहा कि खटीमा गोलीकांड में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों भगवान सिंह सिरौला, प्रताप सिंह, रामपाल, सलीम अहमद, गोपीचंद, धर्मानन्द भट्ट और परमजीत सिंह को स्मरण करने का दिन है, हर नागरिक  इन सभी वीर सपूतों का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर उनके सपनों के उत्तराखंड का निर्माण करें, यही उनके लिए हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। सरकार राज्य आंदोलनकारियों के आदर्शों और उनके सपनों को साकार करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के लिए राज्य सरकार की नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया है। शहीद आंदोलनकारियों के परिवारों के लिए 3 हजार रुपये मासिक पेंशन की सुविधा भी शुरू की है, साथ ही घायल और जेल गए आंदोलनकारियों को 6000 रुपये और सक्रिय आंदोलनकारियों को 4500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। नए कानून के अंतर्गत चिह्नित आंदोलनकारियों की परित्यक्ता, विधवा और तलाकशुदा पुत्रियों को भी इस आरक्षण का लाभ मिल सकेगा। चिन्हित राज्य आंदोलनकारियों को पहचान पत्र जारी करने के साथ ही 93 आंदोलनकारियों को राजकीय सेवा में सेवायोजित भी किया है। आंदोलनकारियों को सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका को देखते हुए ही राज्य सरकार ने राज्य की महिलाओं के लिए सरकारी नौकरी में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है। राज्य के समग्र विकास के साथ ही प्रदेश के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट व विधायक भुवन कापड़ी ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक नानकमत्ता गोपाल सिंह राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, दर्जा राज्य मंत्री डॉ.अनिल कपूर डब्बू, सुभाष बर्थवाल, फरजाना बेगम, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दान सिंह रावत, नंदन सिंह खड़ायत, जीवन सिंह धामी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, डीएफओ हिमांशु बागरी व एडीएम पंकज उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button