बागेश्वर जिला चिकित्सालय में बच्चे की मौत का मामला : सीएम के निर्देश पर सचिव स्वास्थ्य ने प्रभारी सीएमएस सहित पांच के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई

सीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने लिया एक्शन
देहरादून।स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने लापरवाह अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई की है।
बागेश्वर जिला चिकित्सालय में एक बच्चे की मृत्यु के प्रकरण में हुई गंभीर लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर कठोर संज्ञान लेते हुए दोषी चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी की जांच रिपोर्ट एवं कारण बताओ नोटिस के उत्तर पर विचारोपरांत
डॉ. तपन शर्मा प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला चिकित्सालय बागेश्वर को असंवेदनशीलता, एम्बुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित न करना, प्रशासनिक अक्षमता के कारण
तत्काल प्रभाव से पद एवं दायित्वों से अवमुक्त किया गया है ।निदेशक कुमाऊं मंडक के साथ संबद्व किया गया है।
ईश्वर सिंह टोलिया एवं लक्ष्मण कुमार – 108 वाहन चालक को कर्तव्यों के प्रति उदासीनता एवं असंवेदनशीलता के कारण एक माह तक कार्य से विरक्त रहने का आदेश एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। महेश कुमार (नर्सिंग अधिकारी), हिमानी (नर्सिंग अधिकारी) एवं सूरज सिंह कन्नाल (कक्ष सेवक) को अपने कर्तव्यों के प्रति असंवेदनशीलता व उदासीनता बरतने के कारण
कठोर चेतावनी जारी, भविष्य में पुनरावृत्ति न हो इसका आदेश जारी किया गया है।
डॉ. भूरेन्द्र घटियाल चिकित्साधिकारी, जिला चिकित्सालय बागेश्वर को कर्तव्यों के प्रति उदासीनता एवं संवेदनशीलता की कमी के चलते कठोर चेतावनी जारी, भविष्य में पुनरावृत्ति न हो इसका आदेश जारी किया गया है।
डॉ. अंकित कुमार बाल रोग विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय बागेश्वर को संघर्षरत बालक के प्रति सहानुभूति न दिखाना एवं उदासीनता के कारण प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने का आदेश जारी किया गया है।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि
यह घटना अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग का स्पष्ट संदेश है कि हर अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी पूरी संवेदनशीलता के साथ निभाएं, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।





