उत्तराखण्डपौड़ी गढ़वाल

बुजुर्ग महिला की मौत का मामला- गुलदार को आदमखोर घोषित कर मार गिराने की मांग पर अड़े ग्रामीण

श्रीनगर-कोटद्वार राजमार्ग पर खंडाह में ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
श्रीनगर।खिर्सू ब्लॉक के कोटी गांव में गुलदार द्वारा खेतों में काम कर रही 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निवाला बनाने के बाद शुक्रवार को गुस्साये ग्रामीणों और जन प्रतिनिधियों ने श्रीनगर -कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर खंडाह में वाहनों की आवाजाही रोककर करीब एक घंटे तक आक्रोश व्यक्त किया। बड़ी संख्या में आसपास क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर गुलदार को आदमखोर घोषित करने के साथ मार गिराने और स्थानीय लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने की मांग की।इस दौरान राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों और लोगों का जमावड़ा लगने से अव्यवस्था भी नजर आई। ग्रामीणों ने कहा कि गुलदार के हमले के बाद भी चहलकदमी आसपास नजर आ रही है, जिससे ग्रामीण डर के साये में अपनी दिनचर्या निर्वहन कर रहे हैं।क्षेत्र पंचायत चमराड़ा सुरजीत सिंह, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ सुधीर जोशी, ग्राम प्रधान नयालगढ़ अंजू देवी ने कहा कि क्षेत्र में गुलदार का आक्रमण बढ़ता जा रहा है। एक तरफ महिला को निवाला बनाया गया जबकि दूसरी ओर कई दिनों से गायब व्यक्ति का क्षत-विक्षत शरीर मिलने से अंदेशा साफ है कि घूम रहा गुलदार आदमखोर ही है। कहा कि पूर्व में भी हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए गुलदार को शूट करने के आदेश और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा के लिये चिह्नित स्थानों पिंजरे लगाये जाने, गश्त बढ़ाने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।मौके पर पहुंची एसडीएम श्रीनगर नूपुर वर्मा ने आक्रोशित ग्रामीणों को सुना और मामले में विभागीय कार्रवाई किये जाने की बात कही। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन ने आक्रोशित लोगों को समझाकर राजमार्ग को सुचारु कराया।
एसडीएम श्रीनगर नूपुर वर्मा ने बताया कि गुलदार के हमलों और चहलकदमी को देखते हुए वन विभाग की ओर से कोटी और नयालगढ़ में पिंजरे लगा दिये गए हैं साथ ही शाम को गश्त बढ़ा दी गई है।
********************************************
“शासन स्तर से आदेश मिल जाने के बाद शनिवार सुबह तक शूटर और ट्रेंकुलाइज टीम मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेगी।प्रभावित क्षेत्रों में तीन पिंजरे , कैमरा ट्रेप्स आदि लगाये गए हैं।पीड़ित परिवार को अग्रिम मुआवजा राशि दे दी गई है। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।”
अभिमन्यु सिंह(डीएफओ,पौड़ी गढ़वाल) 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button