नर्सिंग कर्मी पर पुलिसकर्मी के थप्पड़ जड़ने के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नर्सिंग एकता मंच ने किया पुलिस मुख्यालय का घेराव

नर्सिंग एकता मंच ने किया जमकर प्रदर्शन,
पुलिस के साथ प्रदर्शनकरियों की हुई धक्का-मुक्की
देहरादून। महिला नर्सिंग कर्मी पर महिला पुलिसकर्मी के थप्पड़ जड़ने के विरोध में मंगलवार को महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं और नर्सिंग एकता मंच ने पुलिस मुख्यालय घेराव किया।
उल्लेखनीय है कि विगत दिवस सोमवार को बेरोजगार नर्सिंग कर्मी, नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को पूर्व की तरह वर्षवार किए जाने समेत अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे थे। न्यू कैंट रोड स्थित सालावाला के निकट बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान एक महिला कॉन्स्टेबल ने एक महिला नर्सिंग कर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। इसके खिलाफ मंगलवार को महिला कांग्रेस और नर्सिंग एकता मंच ने पुलिस मुख्यालय का घेराव किया। घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारियों को भारी पुलिस बल ने सुभाष रोड पर मुख्यालय से पहले बेरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। आगे बढ़ने पर पुलिस के साथ प्रदर्शनकरियों की धक्का मुक्की हुई। काफी देर हंगामा होने के बाद पुलिस ने नर्सिंग एकता मंच से जुड़े अभ्यार्थियों और कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर एकता विहार धरना स्थल छोड़ दिया।
नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर का कहना है कि, पिछले लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है, मगर अभी तक सरकार की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है।
************************************
बेरोज़गार युवतियों के पक्ष में सड़को पर उतरी महिला कांग्रेस
देहरादून। नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की और से की गई अभद्रता और थप्पड़ मारने की घटना के विरोध में मंगलवार को उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से चलकर पुलिस मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर घेराव किया। इस विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नर्सिंग बेरोजगार युवतियाँ भी उपस्थित रहीं।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि रोज़गार की मांग करने वाली बेटियों के साथ इस प्रकार का अपमानजनक और दमनकारी व्यवहार सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करता है। सरकार युवाओं की आवाज़ सुनने के बजाय उन पर शक्ति प्रदर्शन कर रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी कर पुलिस मुख्यालय का घेराव किया और सरकार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।महिला कांग्रेस ने कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।घटना की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
प्रदर्शन में मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा, प्रदेश महासचिव निधि नेगी, सुशीला शर्मा, पुष्पा पवार, अनुराधा तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष अनीता सकलानी, सचिव रेखा ढींगरा, सेवादल से सावित्री थापा और मंजू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।





