कैबिनेट मंत्री जोशी व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मसूरी स्थित अटल उद्यान में स्व. वाजपेयी की मूर्ति का किया लोकार्पण

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने लगभग 23 लाख की लागत से प्रतिमा को किया है निर्मित
मसूरी।कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को मसूरी स्थित अटल उद्यान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की उपस्थिति में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति का विधिवत लोकार्पण किया।मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 23 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह प्रतिमा राष्ट्र के प्रति अटल के अतुलनीय योगदान, उनके दूरदर्शी नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का स्थायी प्रतीक है।
अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे राष्ट्रनेता थे, जिनकी बात को पक्ष ही नहीं बल्कि विपक्ष के नेता भी गंभीरता से सुनते थे। उन्होंने कहा कि अटल का मसूरी से विशेष लगाव रहा है और उत्तराखंड को पृथक राज्य बनाने में उनका योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि अटल के विचार और कार्य आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने इस अवसर पर अटल उद्यान में पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने तथा पॉली हाउस निर्माण की भी घोषणा की, जिससे स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों को सुविधाएं मिल सकेंगी।इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, ओपी उनियाल, सुरेंद्र राणा, मन मोहन शर्मा, सतीश ढौंडियाल, मनमोहन कंडवाल सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
अटल के विचार और विरासत को समर्पित स्मारक: प्रेरणा का स्थायी केंद्र : भट्ट
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने वैचारिक दृढ़ता, संवेदनशीलता और संवाद की संस्कृति से देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि अटल का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और समावेशी विकास का आदर्श उदाहरण है। मसूरी जैसे ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व के नगर में उनकी प्रतिमा की स्थापना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी हमारे विचारों में बसते हैं।
प्रतिमा मसूरी नगर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक गरिमा को और अधिक समृद्ध करेगी : मीरा सकलानी
नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि अटल उद्यान में स्थापित यह प्रतिमा मसूरी नगर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक गरिमा को और अधिक समृद्ध करेगी। उन्होंने कहा कि अटल का व्यक्तित्व राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को समर्पित था। यह उद्यान अब केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि विचार, प्रेरणा और सेवा का केंद्र बनेगा।
वाजपेयी की प्रतिमा का लोकार्पण प्राधिकरण के लिए गौरव का विषय : बर्निया
सचिव, मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण
मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि मसूरी अटल उद्यान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का लोकार्पण प्राधिकरण के लिए गौरव का विषय है। यह प्रतिमा अटल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।
वाजपेयी का जीवन राष्ट्रभक्ति, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा : तिवारी
बंशीधर तिवारी, उपाध्यक्ष, मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रभक्ति, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। मसूरी अटल उद्यान में उनकी प्रतिमा का स्थापित होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण है। प्राधिकरण का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का विकास ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और वैचारिक विरासत का संरक्षण भी है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को अटल जी के आदर्शों से प्रेरित करेगी और मसूरी नगर की पहचान को और अधिक सशक्त बनाएगी।





