दून की सड़कों पर उतरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम ,लोकभवन कूच के दौरान कांग्रेसियों ने हाथी बड़कला में बैरिकेडिंग तोड़ी, कई दिग्गज हिरासत में लिए गए

कांग्रेस ने अपराध, बेरोजगारी और महंगाई पर सरकार को घेरा
देहरादून। अपराध, बेरोजगारी, महंगाई, महिला उत्पीड़न, भर्ती घोटालों और मनरेगा का नाम बदले जाने जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने राजभवन (लोक भवन) कूच का ऐलान किया तो परेड मैदान से लेकर हाथी बड़कला तक सड़कों पर कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पुलिस ने अवरोधक लगाकर कूच को रोकने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ता अवरोधकों पर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी की। बाद में सभी बड़े नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।
लोकभवन कूच से पहले परेड मैदान में हुई जनसभा में प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं ने शक्ति प्रदर्शन किया। मंच पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत और चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह मौजूद रहे। नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। बढ़ते अपराधों से भय का वातावरण है, नौजवान बेरोजगार हैं, पलायन जारी है और पहाड़ों में विद्यालय बंद हो रहे हैं।लोक भवन कूच के दौरान हाथी बड़कला में पुलिस ने कड़े बंदोबस्त किए। पहला अवरोधक तोड़ते हुए कुछ कार्यकर्ता आगे बढ़े, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। पुलिस ने प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, गणेश गोदियाल, डॉ हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह, ममता राकेश, सुमित ह्रदयेश, विक्रम नेगी और ज्योति रौतेला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
राजधानी में हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा – प्रचंड बहुमत की सरकार कर रही जनादेश का अपमान
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रचंड बहुमत की सरकार जनादेश का अपमान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हत्याएं, महिला अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। करन माहरा ने कहा कि प्रदर्शन में केवल कार्यकर्ता ही नहीं, आम जनमानस भी शामिल है क्योंकि “राज्य त्राहिमाम कर रहा है।” उन्होंने कहा कि खुलेआम अपराधी गोलियां चला रहे हैं, महिला अपराध बढ़ रहे हैं और भर्ती घोटालों ने युवाओं को निराश कर दिया है। किसानों के गन्ना समर्थन मूल्य और सेब उत्पादकों की समस्याओं को भी उन्होंने उठाया।
डॉ हरक सिंह रावत ने कहा – देहरादून जिले में 17 दिन में पांच हत्याएं, पहाड़ों में जंगली जानवरों का आतंक
डॉ हरक सिंह रावत ने कहा कि केवल देहरादून जिले में 17 दिनों के भीतर पांच हत्याएं हुईं। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में जंगली जानवरों के आतंक से लोग डरे हुए हैं और सरकार स्थिति संभालने में विफल है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन अमन-चैन, रोजगार, प्रश्नपत्र लीक रोकने और भू-माफिया तथा शराब माफिया पर कार्रवाई की मांग को लेकर है।





