उत्तराखण्डदेहरादूनराष्ट्रीयरुद्रप्रयाग

उत्तराखंड में  दर्दनाक हेली हादसा:  केदारनाथ से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट सहित 7 लोगों की मौत, सीएम पुष्कर धामी ने जताया दुख

आर्यन एविएशन का है हेलीकॉप्टर,
केदारनाथ से श्रद्धालुओं को लेकर गुप्तकाशी बेस वापस लौट रहा था हेलीकॉप्टर, मरने वालों में 23 महीने का बच्चा भी शामिल

रुद्रप्रयाग / देहरादून।उत्तराखंड में फिर हेलीकॉप्टर हादसा सामने आया है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड क्षेत्र में रविवार को सुबह-सुबह केदारनाथ रूट पर श्री केदारनाथ धाम से गुप्तकाशी जा रहा एक हेलीकॉप्टर गौरीकुंड के पास क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे। दर्दनाक हादसे में सातों लोगों की मौत हो गई, मृतकों में 23 महीने का बच्चा भी शामिल है। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए लोगों के शव बुरी तरह से जल गए हैं।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीमें भी पहुंच गई हैं। अगले आदेश तक हेलीकॉप्टर सेवा रोक दी गई है।
घटना सुबह लगभग 5.30 बजे की बताई जा रही है। हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की वजह खराब मौसम बताई जा रही है।
केदारनाथ धाम से यात्रियों को लेकर लौट रहा आर्यन एविएशन का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट सहित सात लोग सवार थे, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। जिस स्थान पर हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ, वो स्थान गौरीकुंड से करीब 5 किमी ऊपर पैदल गौरी माई खर्क नामक स्थान है। सूचना के बाद रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।वहीं हादसे पर सीएम पुष्कर सिंह धामी और पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने दुख जताया है।
रविवार की सुबह आर्यन एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर केदारनाथ से श्रद्धालुओं को लेकर गुप्तकाशी बेस वापस लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। वहीं हेलीकॉप्टर में पायलट के अलावा पांच यात्री व एक बच्चा भी सवार था।
ये थे हेलीकॉप्टर में सवार
• कैप्टन राजवीर सिंह चौहान (पायलट)
• श्रद्धा राजकुमार जायसवाल ( 35 साल) महाराष्ट्र
• काशी ( 25 साल) महाराष्ट्र
• राजकुमार सुरेश जायसवाल ( 41 साल) गुजरात
• विक्रम बीकेटीसी केदारनाथ उत्तराखंड
• विनुद देवी (66साल) उत्तर प्रदेश
• तुष्टि सिंह (19 साल) उत्तर प्रदेश
*******************************
आज सुबह एक हेलीकॉप्टर मिसिंग की जानकारी मिली थी। जानकारी मिलते ही हेली की जांच एवं खोजबीन की गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आर्यन एविएशन का एक हेलीकॉप्टर केदारनाथ धाम से यात्रियों को वापस गुप्तकाशी बेस पर ला रहा था। घाटी में अचानक मौसम खराब हो गया। पायलट ने हेली को घाटी से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान हेली क्रैश हो गया।हेली में पायलट के अलावा पांच यात्री व एक बच्चा भी सवार था।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस बल समेत सभी रेस्क्यू टीमें स्थानीय लोगों के सहयोग से खोज कार्य में जुटे हुए हैं, पूरे मामले में जल्द अपडेट दिया जाएगा।
राहुल चौबे, जिला पर्यटन अधिकारी व हेली सेवा नोडल अधिकारी
********************************
सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि रुद्रप्रयाग जिले में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार मिला है।
एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं।
बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।
*********************************
7 जून को भी हुआ था हेलीकॉप्टर हादसा

केदारनाथ यात्रा रूट पर एक हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ था। हेलीकॉप्टर ने बडासू हेलीपैड से केदारनाथ के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन तकनीकी खामियों से हेलीकॉप्टर की केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बडासू के पास इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। पायलट ने हेलीकॉप्टर को सड़क पर इमर्जेंसी लैंडिंग कराई थी। हेलीकॉप्टर क्रिस्टल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का था,जबकि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे और हादसे में पायलट को हल्की चोटें आई थी।वहीं हादसे में सभी यात्री सुरक्षित बच गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button