उत्तराखण्डदेहरादून

सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर भव्य आयोजन की तैयारी- परेड ग्राउंड में होगा मुख्य कार्यक्रम; जनपद देहरादून सहित पूरे प्रदेश में विधानसभावार उत्सव की तैयारियां तेज

ऑटोमेटेड पार्किंग, कैब सेवा और आधुनिक आईसीयू सेंटर की मिलेगी सौगात

देहरादून। राज्य सरकार के चार सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद देहरादून सहित पूरे प्रदेश में विधानसभावार उत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। जनपद में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के इस अवसर को भव्य और सुव्यवस्थित बनाया जाए।
परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के दौरान जनपद वासियों को कई बड़ी सौगातें मिलेंगी। जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में तिब्बती मार्केट स्थित ऑटोमेटेड पार्किंग, नई कैब सेवा और आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर (आईसीयू) का विधिवत लोकार्पण एवं अनावरण किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत नए विकास कार्यों का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
जनता की सुविधा के लिए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। इसमें सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण के साथ-साथ महिलाओं व युवतियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पृथक स्टॉल स्थापित किए जाएंगे। समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया है कि जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का सेटअप मौके पर ही लगाया जाए, ताकि दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र निर्गत करने और सहायक उपकरणों के वितरण की त्वरित व्यवस्था हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने बिजली विभाग को निर्बाध आपूर्ति, जल संस्थान को पेयजल और नगर निगम को सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी। लोक निर्माण विभाग को मंच निर्माण व बैरिकेडिंग और पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रवीन, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button