उत्तराखण्डदेहरादून

Uttarakhand : मदन कौशिक का राजनीतिक सफर रहा बेहद प्रभावशाली – लगातार पांच बार के विधायक, चौथी बार बने मंत्री

सियासत के दिग्गज खिलाड़ी माने जाते हैं हरिद्वार शहर विधायक
हरिद्वार। उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता और हरिद्वार विधानसभा सीट से लगातार पांच बार के विधायक मदन कौशिक को एक बार फिर प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। शुक्रवार को उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। छात्र राजनीति से अपने करियर की शुरुआत करने वाले मदन कौशिक का राजनीतिक सफर बेहद प्रभावशाली रहा है, जिसमें उन्होंने संगठन से लेकर सरकार तक कई अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
मदन कौशिक के राजनीतिक जीवन की नींव 1985-86 में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार में बजरंग दल के जिला संयोजक के रूप में काम किया। साल 2000 में वे भाजपा के जिला महामंत्री और फिर जिला अध्यक्ष बने। उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें 2002 के पहले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार सीट से उम्मीदवार बनाया, जहाँ से वे पहली बार विधायक चुने गए।
मदन कौशिक ने हरिद्वार विधानसभा सीट पर अपनी ऐसी पकड़ बनाई कि 2002, 2007, 2012, 2017 और फिर 2022 में भी लगातार जीत दर्ज की। 2012 से 2017 के बीच वे विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष भी रहे और सदन में मजबूती से अपनी बात रखते रहे।
कौशिक को सरकार चलाने का लंबा अनुभव है। उन्होंने 2007 से 2012 के बीच विद्यालयी शिक्षा, गन्ना विकास, आबकारी, नगर विकास और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री के रूप में कार्य किया। वहीं 2017 में उन्हें शहरी विकास, आवास और जनगणना मंत्री बनाया गया। सरकार के साथ-साथ संगठन में भी उनका कद काफी ऊंचा रहा है; वे मई 2017 में सरकार के प्रवक्ता बने और मार्च 2021 में उन्हें उत्तराखंड भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
एक नज़र जीवन परिचय पर:
पिता का नाम: स्व. रमेश चंद्र शर्मा
जन्म: 11 जनवरी 1965 (इमली खेड़ा, रुड़की)
शिक्षा: स्नातक
निवास: खन्नानगर, ज्वालापुर (हरिद्वार)
मदन कौशिक को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने से हरिद्वार के स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ आने वाले समय में प्रदेश के विकास और आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती प्रदान करने में मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button