उत्तराखण्डदेहरादूनराष्ट्रीय

विकास की बड़ी सौगात – प्रधानमंत्री मोदी ने किया देहरादून दिल्ली  इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण, उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली को दिया 212 किमी लम्बे एक्सप्रेस-वे का तोहफा

कई जल विद्युत परियोजनाओं व योजनाओं का भी दिया तोहफा
21वीं सदी का भारत बना रहा विकास की नई भाग्य रेखाएं
देहरादून। उत्तराखण्ड के लिए मंगलवार का दिन बेहद खास और ऐतिहासिक रहा ।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून-दिल्ली  इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
केन्द्रीय सडक, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पीएम मोदी को ब्रह्मकमल का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने प्रधान मंत्री मोदी को शॉल और नंदा देवी राजजात यात्रा का स्मृति चिन्ह भेंट किया।
पीएम बनने के बाद मोदी मंगलवार को 28वीं बार उत्तराखंड पहुंचे। उन्होंने 11,963 करोड़ की लागत से बने 213 किमी लंबे दून-दिल्ली ऐलिवेटेड एक्सप्रेस-वे की सौगात दी। इसके अलावा एक हजार मेगावाट क्षमता के देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी लोकार्पण किया।
देहरादून में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के ऐसे दौर में प्रवेश कर रहा है, जो पहले अकल्पनीय था। अमृतसर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर समेत कई बड़े प्रोजेक्ट प्रगति के नए द्वार खोल रहे हैं, जिनसे लोगों की उम्मीदें जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से समय की बचत होगी, यात्रा सस्ती होगी और किराया-भाड़ा कम खर्च होगा। साथ ही हजारों श्रमिकों को रोजगार मिला है और इंजीनियरों सहित कई क्षेत्रों को इसका लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पर्यटन को इससे बड़ा फायदा होगा। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, मसूरी और चारधाम यात्रा के लिए यह इंफ्रास्ट्रक्चर अहम साबित होगा। राज्य विंटर टूरिज्म, विंटर स्पोर्ट्स और वेड इन इंडिया के लिए तेजी से उभर रहा है, वहीं शीतकालीन धार्मिक यात्राओं में भी लगातार वृद्धि हो रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार अभूतपूर्व काम कर रही है। ऐसे इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए साल में पूरे देश में दो लाख करोड़ भी खर्च नहीं होते थे, आज 12 लाख करोड़ से ऊपर होते हैं। उत्तराखंड में ही सवा दो लाख करोड़ से ऊपर की परियोजनाओं पर काम जारी है। कभी उत्तराखंड के गांव में सड़क के इंतजार में पीढियां बदल जाती थी। अब सड़क गांव तक पहुंच रही है। वीरान गांव फिर जीवंत हो रहे हैं।
मंच पर उनकी रही मौजूदगी 
कार्यक्रम में मंच पर प्रदेश के राज्यपाल ले.ज (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  महेंद्र भट्ट, विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री कैबिनेट मंत्री  सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्य, खजान दास, डॉ. धन सिंह रावत, सौरभ बहुगुणा, मदन कौशिक, राम सिंह कैड़ा, भरत चैधरी,  प्रदीप बत्रा, सांसद  अनिल बलूनी, अजय भट्ट, माला राज्यलक्ष्मी शाह,  नरेश बंसल उपस्थित रहें। वहीं, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल  आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री  रेखा गुप्ता वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। कार्यक्रम में इनके अलाबा उत्तराखण्ड के विधायकगण, दायित्वधारी, भाजपा पदाधिकारी और बडी संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता मौजूद रही।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन की अपील
पीएम मोदी ने कहा कि 16 अप्रैल से संसद में विशेष चर्चा होगी। सभी राजनीतिक दल नारी शक्ति वंदन बिल को मिलकर इसे आगे बढ़ाएं। कहा कि मैंने आज देश की सभी बहनों के नाम एक खुला पत्र लिखा है। बड़े आग्रह के साथ देश की माताओं और बहनों को इस कार्य में शामिल होने का आह्वान किया है। मैं आज देवभूमि से देश के सभी दलों से फिर अपील करूंगा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम में समर्थन करें। पीएम मोदी ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद संसद ने नारी शक्ति वंदन बिल पास किया है, जो महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार देता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस अधिकार को लागू करने में देरी नहीं होनी चाहिए। 2029 के लोकसभा चुनाव और उसके बाद होने वाले चुनावों से ही इस व्यवस्था को लागू किया जाना चाहिए, ताकि महिलाओं की भागीदारी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में और मजबूत हो सके।
विकास की नई सौगात लेकर आता है पीएम मोदी का दौराः सीएम धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड आगमन पर स्वागत करते हुए कहा कि उनका प्रत्येक दौरा उत्तराखंड के लिए नई ऊर्जा और विकास की नई सौगात लेकर आता है। उन्होंने कहा आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड को 12 हजार करोड़ की लागत से बने एशिया के सबसे लंबे ऐलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर की सौगात मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड देश का श्रेष्ठ राज्य बनने के लिए अपने विकल्प रहित संकल्प के साथ ‘‘विकास भी और विरासत भी’’ की अवधारणा के अनुरूप प्रत्येक क्षेत्र में कार्य कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button