उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन , प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक, कल सार्वजनिक अवकाश घोषित , पुलिस सम्मान के साथ होगी अंत्येष्टि

काफी समय से मैक्स अस्पताल में चल रहा था इलाज, सीएम पुष्कर धामी ने जताया दुख
देहरादून।उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का मंगलवार को निधन हो गया । वे काफी समय से अस्वस्थ होने के कारण देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री ने निधन पर शोक व्यक्त किया है।देहरादून स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में उनका पिछले तकरीबन एक माह से इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि खंडूड़ी हृदय संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे थे। 91 साल की उम्र में उनका निधन हुआ । वे भारतीय सेना से मेजर जनरल के पद से रिटायर्ड हुए थे और उत्तराखंड के चौथे मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य की सेवा की। वे उत्तराखंड के दो बार मुख्यमंत्री बने। इससे पहले वे केंद्रीय मंत्री भी रहे चुके थे।भारतीय सेना से रिटायरमेंट के बाद उनका 30 साल का राजनीतिक करियर रहा है। उनके निधन पर प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई।
उनके पुत्र भाजपा नेता मनीष खंडूड़ी ने पिता के निधन की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की ।
वहीं, उनके निधन पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा,
‘उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (सेवानिवृत्त) के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। खंडूड़ी ने भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया. सैन्य जीवन से लेकर सार्वजनिक जीवन तक उनका व्यक्तित्व राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा।
राजनीतिक जीवन में उन्होंने उत्तराखंड के विकास, सुशासन, पारदर्शिता और ईमानदार कार्यशैली की मजबूत पहचान बनाई।एक जननेता के रूप में उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए और अपनी सादगी, स्पष्टवादिता एवं कार्यकुशलता से लोगों के हृदय में विशेष स्थान बनाया।उनका निधन उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें’।
वहीं, उनके निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को देहरादून के बसंत विहार उनके निवास स्थान पर लाया गया।
प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक,
सार्वजनिक अवकाश घोषित ,कल पुलिस सम्मान के साथ होगी अंत्येष्टि
देहरादून।पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी की अंतेष्टि 20 मई को पुलिस सम्मान के साथ सम्पन्न होगी, इस अवसर पर बुधवार को राज्य सरकार द्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने इस बारे में आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के आकस्मिक निधन के कारण, प्रदेश में 19 मई से 21 मई तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है, इस दौरान समस्त सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। साथ ही कोई शासकीय मनोरंजन के कार्यक्रम भी आयोजित नहीं किए जाएंगे।
राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री ने भी खंडूड़ी के निधन पर जताया शोक
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (से.नि.) के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि उनके निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवा देने के बाद उन्होंने जनसेवा के लिए ईमानदारी, सादगी, पारदर्शिता और विकास की राजनीति का उदाहरण पेश किया। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्ण ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया। पीएम नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उनके निधन पर शोक जताया है। इसके साथ ही उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन को प्रदेश के लिए बड़ी क्षति बताया है।





