उत्तराखण्डदेहरादून

अगले 24 से 48 घंटे भारी, दून समेत 6 जिलों में ‘हीट वेव’ का अलर्ट -मैदानी जिलों में पारा 40 डिग्री और पर्वतीय क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना

देहरादून।उत्तराखंड में सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए ‘हीट वेव’ (लू) का अलर्ट जारी किया है। मैदानी जिलों में पारा 40 डिग्री और पर्वतीय क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है। बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। डॉक्टरों ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के निदेशक सी.एस. तोमर के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह से ही भीषण गर्मी का असर देखा गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों और चिकित्सा इकाइयों को हर स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. झा ने आम जनता से अपील की है कि दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। अगर बाहर जाना बेहद जरूरी हो, तो सिर को छाते या सूती कपड़े से ढककर रखें और चेहरे पर मास्क या कपड़ा जरूर लगाएं। उन्होंने शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए दिनभर पर्याप्त पानी, नींबू पानी, जलजीरा, नारियल पानी और तरबूज जैसे पानी युक्त फलों के सेवन की सलाह दी है।
चिकित्सकों के अनुसार, अगर हीट वेव के दौरान चक्कर आना, तेज सिरदर्द, उल्टी, तेज बुखार या बेहोशी जैसे लक्षण दिखें, तो इसे मामूली थकान न समझें। यह ‘हीट स्ट्रोक’ हो सकता है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button