केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा – प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल रहा ऐतिहासिक , अभूतपूर्व काम हुए

सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित रहे मोदी सरकार के काम,
कई कार्यक्रमों में शामिल हुए केंद्रीय पर्यटन मंत्री
देहरादून।केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के प्रवास के दौरान विभिन्न जनसंपर्क एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें पूर्व सैनिकों, गोरखा समाज, मातृशक्ति एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद एवं बैठकें आयोजित हुईं।
धर्मपुर विधानसभा के केदारनगर मंडल में आयोजित
कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, हरिद्वार लोकसभा सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, धर्मपुर विधानसभा के विधायक विनोद चमोली सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूर्व सैनिकों एवं नागरिकों के साथ आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित केंद्र सरकार के सफल 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों तथा “विकसित भारत” के संकल्प पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों के राष्ट्र निर्माण, अनुशासन, सेवा एवं समाज के प्रति उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा गया।
गोरखा समाज के सम्मानित नागरिकों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में समाज की वीरता, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक समरसता में उनके अतुलनीय योगदान पर चर्चा हुई। उपस्थित जनों ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता का संकल्प व्यक्त किया।
महिला जनसंपर्क बैठक में मातृशक्ति के साथ संवाद करते हुए महिला सशक्तिकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित महिलाओं ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
इसके अतिरिक्त केदारनगर मंडल में आयोजित टिफिन बैठक में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों तथा केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता एवं जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का राष्ट्रीय अभियान है। समाज के प्रत्येक वर्ग—पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता से यह संकल्प अवश्य सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निरंतर जनसंपर्क एवं संवाद के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।




