उत्तराखण्डक्राइमदेहरादून

Big Breaking – देहरादून का अर्जुन शर्मा हत्याकांड:  पुलिस ने किये कई चौंकाने वाले खुलासे, मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार ,12 लाख में दी थी सुपारी

एसएसपी अजय सिंह ने प्रेसवार्ता कर किया 
हत्याकांड का खुलासा कर दी जानकारी 
देहरादून। राजधानी देहरादून में  11 फरवरी को तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले का  12 फरवरी को देर शाम  पुलिस ने खुलासा कर दिया । इस मामले में पुलिस ने अर्जुन शर्मा की मां समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
वारदात को अंजाम देने वाले दो मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए हैं। देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने खुद प्रेसवार्ता कर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया।
पुलिस ने बताया कि 11 फरवरी सुबह करीब 10:30 बजे कोतवाली डालनवाला पुलिस को सूचना मिली थी कि तिब्बत मार्केट के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी बसंत विहार देहरादून के रूप में हुई। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी था ।
आरोप है कि मृतक की मां और सहयोगियों ने अर्जुन को रास्ते से हटाने के लिए 12 लाख रुपए में शूटरों से सौदा किया था। इसमें से 3 लाख रुपए एडवांस दिए गए थे। पुलिस के अनुसार मां बीना ने ही 25 दिन पहले हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। पुलिस ने बताया कि मां बीना शातिर अपराधी की तरह अपने बेटे की हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रख रही थी।उसने गैस एजेंसी के मैनेजर से अर्जुन की मूवमेंट की जानकारी भी ली थी।
प्रॉपर्टी विवाद में की गई अर्जुन की हत्या
जांच में सामने आया कि अर्जुन शर्मा का अपनी मां बीना शर्मा और उनके सहयोगियों के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। जीएमएस रोड स्थित एक संपत्ति का करीब 14 करोड़ रुपए में सौदा हुआ था, जिसमें से 8 करोड़ रुपए दिए जा चुके थे। शेष भुगतान और मालिकाना हक को लेकर विवाद गहरा गया था।
पुलिस ने बताया कि हाल ही में बीना ने जीएमस रोड पर प्रॉपर्टी बेची थी। इसीलिए बीना के खाते में 14 करोड़ रुपए आए थे। इसमें से आठ करोड़ रुपये उसने विनोद के खाते में भेजे थे। इसके बाद जब अर्जुन ने इसका विरोध किया तो मां ने हत्या की साजिश रची थी।
दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार : एसएसपी
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि इस मामले में खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थी।अलग-अलग टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सघन चेकिंग अभियान चलाया।  12 फरवरी को तड़के रायपुर और जौलीग्रांट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।उनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस व घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने देहरादून तिब्बती मॉर्केट हत्याकांड की बात कबूल की। आरोपियों ने अपना नाम पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू बताया। दोनों ने बताया कि उन्होंने ही सुपारी लेकर अर्जुन शर्मा की हत्या की थी।पुलिस ने साजिश में शामिल मृतक की मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को भी गिरफ्तार कर लिया है।सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों के नाम:
• पंकज राणा पुत्र अभय राम सिंह निवासी- 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली, देहरादून उम्र 52 वर्ष
• राजीव उर्फ राजू पुत्र अभय राम सिंह निवासी 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली, देहरादून, उम्र 50 वर्ष
• बीना शर्मा पत्नी स्व. आरसी शर्मा , निवासी 40/1 बसंत विहार,
• विनोद उनियाल पुत्र घनश्याम उनियाल, निवासी गैलेक्सी लैक्सोटिका अपार्टमेंट, 31 इन्दर रोड डालनवाला।
• अजय खन्ना, पुत्र जेपी खन्ना निवासी: 12 ईसी रोड, डालनवाला, देहरादून

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button