किच्छा भूमि विवाद मामले पर कांग्रेस विधायक और नेताओं की भूमिका बेहद गैर-जिम्मेदाराना और दुर्भाग्यपूर्ण : महेंद्र भट्ट कहा -कानून से ऊपर कोई नहीं

राज परिवार की जी-हजूरी में बुजुर्ग महिला का अपमान कर रहे कांग्रेस नेता: भाजपा
देहरादून । भाजपा ने किच्छा भूमि विवाद मामले पर कांग्रेस विधायक और नेताओं की भूमिका को बेहद गैर-जिम्मेदाराना और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया है कि उत्तराखंड में कानून का राज है और सभी को कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए। वहीं कटाक्ष किया कि कांग्रेस राज परिवार की इतनी जी हजूरी भी उचित नहीं कि बुजुर्ग महिला का अपमान किया जाए।
मीडिया द्वारा इस पूरे प्रकरण में कांग्रेसी नेताओं के रुख को लेकर पूछे सवालों के जवाब में उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस आलाकमान और राज परिवार की जी-हजूरी में वे इतने अंधे न हों कि एक बेहद बुजुर्ग महिला का अपमान करने पर उतर आएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है, जहाँ सिर्फ और सिर्फ कानून का राज चलता है। कोई भी व्यक्ति चाहे कितना ही बड़ा और रसूखदार क्यों न हो, उसे किसी की जमीनों और संपत्तियों पर अवैध कब्जे करने की इजाजत कतई नहीं दी जा सकती। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि राजनैतिक और धार्मिक रसूख की आड़ लेकर अवैध कब्जों करने वालों के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों और अवैध कब्जाधारकों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस के स्थानीय नेताओं पर भी तंज कसते हुए कहा कि जो लोग ‘नए-नए कांग्रेसी’ बने हैं, उन्हें अधिक प्याज खाने से बचना चाहिए। वहीं स्पष्ट किया कि इस तरह की बयानबाजी या दबाव की राजनीति से सरकार के नीतिगत फैसलों और प्रशासनिक व कानूनी प्रक्रिया पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। इस पूरे मामले में भी कानून अपना काम पूरी निष्पक्षता और कानूनी प्रक्रिया के अनुशार करेगा, इसके लिए किसी के बड़े छोटे या रसूखदार परिवार का होना कोई मायने नहीं रखता है।





