राष्ट्रीय

बाढ़ की स्थिति में आया थोड़ा सुधार, लेकिन करीब 7.12 लाख लोग फिलहाल आपदा से प्रभावित

नागांव। असम में बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार आया है लेकिन नगांव, होजई, कछार और दरांग जिलों में स्थिति अभी भी गंभीर है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के 29 जिलों में करीब 7.12 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। अकेले नगांव जिले में 3.36 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि कछार जिले में 1.66 लाख, होजई में 1.11 लाख और दरांग जिले में 52,709 लोग प्रभावित हुए हैं। कछार, लखीमपुर और नगांव जिलों में बाढ़ के पानी में डूबने से दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई और बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई।
जिला प्रशासन द्वारा स्थापित 234 राहत शिविरों में वर्तमान में कुल 74705 बाढ़ प्रभावित लोग रह रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 80,036.90 हेक्टेयर फसल भूमि और 2,251 गांव अभी भी पानी के भीतर हैं। जिला प्रशासन द्वारा स्थापित 234 राहत शिविरों में वर्तमान में 74,705 बाढ़ प्रभावित लोग रह रहे हैं।
इससे पहले, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रभावित लोगों की मदद करने की अपील की है। राहुल गांधी ने एक ट्वीट कर ये अपील की है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि असम में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हैं। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से बचाव और राहत कार्यों में हर संभव सहायता जारी रखने का आग्रह करता हूं।
असम कैबिनेट ने सिलचर और गुवाहाटी के बीच आपातकालीन उड़ान सेवा शुरू करने का फैसला किया है। सरकार ने दीमा हसाओ और बराक घाटी में बाढ़ और भूस्खलन के कारण संचार संकट को कम करने के लिए यह कदम उठाया है। सिलचर और गुवाहाटी के बीच शुरू की गई आपातकालीन उड़ान के लिए तीन हजार रुपये का शुल्क देय होगा। अब तक राज्य के 29 जिलों में कुल 7,17,046 लोग प्रभावित हो चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button