नगर निगम देहरादून में अटल निर्मल नगर पुरस्कार योजना के तहत मई माह के उत्कृष्ट सफाई कर्मचारियों को मिला सम्मान

अटल निर्मल नगर पुरस्कार योजना के तहत अच्छा काम करने पर किया जा रहा पुरस्कृत
, महापौर सौरभ थपलियाल व
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने की कार्य की सराहना
देहरादून।नगर निगम देहरादून की ओर से मई 2025 माह के लिए चयनित तीन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को गुरुवार को अटल निर्मल नगर पुरस्कार योजना के अंतर्गत सम्मानित किया गया। इन कर्मचारियों ने अपने कार्यों में अनुकरणीय दक्षता, निष्ठा एवं समर्पण का परिचय दिया, जिससे नगर निगम की सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
नगर निगम कार्यालय में आयोजित एक सादे समारोह में महापौर देहरादून सौरभ थपलियाल तथा नगर आयुक्त नमामि बंसल ने इन तीनों कर्मचारियों को सम्मानित किया । सम्मान स्वरूप प्रत्येक कर्मचारी को 10,000/- की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
मई माह में प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने वालों में पर्यावरण मित्र वीरेंद्र पुत्र सुक्कन (वार्ड 17), मुकेश पुत्र मुन्नी (वार्ड 06), रवि पुत्र इलम सिंह (वार्ड 37) शामिल रहे।
यह योजना स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत दिए गए निर्देशों के अनुपालन में सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिये जाने वाले पर्यावरण मित्रों/स्वच्छता सेनानियों को प्रतिमाह प्रति वार्ड से 03 पर्यावरण मित्रों/स्वच्छता सेनानियों को 10,000/- (दस हजार रूपये) प्रोत्साहन धनराशि देकर सम्मानित किया जाता है। सोमपाल पुत्र कल्लू जैसे दिव्यांग पर्यावरण मित्र को उत्कृष्ट कार्य करने पर विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
इस अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि निगम कर्मचारियों का परिश्रम नगर की स्वच्छता, व्यवस्था और विकास में अहम भूमिका निभाता है। नगर आयुक्त नमामि बंसल ने भी कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल कर्मचारियों के मनोबल को और सुदृढ़ करेगी और अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरित करेगी।नगर निगम देहरादून भविष्य में भी ऐसे समर्पित कर्मचारियों को समय-समय पर पहचान और सम्मान प्रदान करता रहेगा। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त राजबीर चौहान एवं मुख्य सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।





