टेबल टेनिस खिलाड़ी स्तुति कुकरेती की प्रतिभा को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय ने किया सम्मानित

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने 25000/- रुपये का चेक प्रदान किया,
प्रतिभाओं को निखारने में अग्रणी भूमिका निभा रहे एसजीआरआर ग्रुप के संस्थान
देहरादून। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, रेसकोर्स की मेधावी छात्रा स्तुति कुकरेती ने टेबल टेनिस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एसजीआरआर पब्लिक स्कूल रेसकोर्स और उत्तराखण्ड की बेटियों का नाम रोशन किया। मसूरी स्थित सेंट जॉर्ज कॉलेज में आयोजित 19वीं मेनोराइट इन्विटेशनल टेबल टेनिस प्रतियोगिता में स्तुति कुकरेती ने अंडर-19 वर्ग में खिताबी जीत हासिल की। इस उपलब्धि पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने स्तुति कुकरेती को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। बुधवार को श्री दरबार साहिब में आयोजित सम्मान समारोह में उन्होंने स्तुति को ₹25,000 (पच्चीस हज़ार रुपये) का चेक प्रदान कर सम्मानित भी किया।
काबिलेगौर है कि मसूरी में आयोजित प्रतियोगिता में 17 प्रतिष्ठित स्कूलों के 130 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। अंडर 19 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में स्तुति ने वेल्हम गर्ल्स की रिहा ममगाईं को स्ट्रेट सेट्स में 3-0 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और सहपाठियों ने भी स्तुति की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।





