उत्तराखण्डदेहरादूनराष्ट्रीय

प्रधानमंत्री मोदी 9 नवंबर को आएंगे उत्तराखंड, राज्य के रजत जयंती समारोह में करेंगे शिरकत , 8260 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

पीएम मोदी 8260 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास,एफआरआई देहरादून में होगा कार्यक्रम 
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 9 नवम्बर को उत्तराखंड राज्य गठन की रजत जयंती पर एफआरआई देहरादून में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे तथा समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।
राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के इस अवसर पर प्रधानमंत्री 8260 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों से संबंधित हैं।
प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें अमृत  योजना के अंतर्गत देहरादून जलापूर्ति कवरेज, पिथौरागढ़ में विद्युत सबस्टेशन, सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र, तथा हल्द्वानी स्टेडियम (नैनीताल) में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान प्रमुख हैं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री दो महत्वपूर्ण पेयजल परियोजनाओं — सोंग बांध पेयजल परियोजना (देहरादून) और जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना (नैनीताल) का शिलान्यास करेंगे। सोंग बांध परियोजना देहरादून को प्रतिदिन 150 एमएलडी पेयजल उपलब्ध कराएगी, जबकि जमरानी परियोजना सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और बिजली उत्पादन में सहायक होगी।
इसके अतिरिक्त जिन अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, उनमें चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना, नैनीताल में अत्याधुनिक डेयरी संयंत्र, तथा विद्युत सबस्टेशन परियोजनाएं शामिल हैं।
दुल्हन की तरह सजाया गया एफआरआई 
देहरादून। राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर होने वाले मुख्य समारोह की भव्यता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वन अनुसंधान संस्थान में जिस  स्थल पर यह कार्यक्रम होगा, वहां टेंट लगाने का कार्य बीते 9 दिनों से चल रहा है। राज्य सरकार को यह उम्मीद है कि कल होने वाले कार्यक्रम में लगभग एक लाख लोग सीधे तौर पर प्रधानमंत्री को सुनने के लिए पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री यहां पर कुछ लाभार्थियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। राज्य में चल रही योजनाओं का सीधा असर लाभार्थियों को कैसे मिल रहा है, इसकी जानकारी भी पीएम मोदी लेंगे। कार्यक्रम स्थल पर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
जिसमें उत्तराखंड की 25 सालों की यात्रा उत्तराखंड में चल रहे तमाम प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया है। बताया जा रहा है कि लगभग 2 घंटे से अधिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी देहरादून में रहेंगे। कार्यक्रम में सभी पूर्व मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, बुद्धिजीवी वर्ग और अन्य फील्ड से जुड़े लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि राज्य पीएम मोदी को सुनने के लिए बेहद उत्साहित रहता है। लोगों में 9 नवंबर को होने वाले भव्य कार्यक्रम को लेकर भी बेहद उत्साह है। रविवार का दिन राज्य के लिए महत्वपूर्ण दिन है, जब पीएम कई सौगात राज्य को सौंपेंगे, हमने सभी तैयारी को अंतिम रूप दे दिया है।
देहरादून में लगभग ढाई घंटे रहेंगे प्रधानमंत्री 
राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती के मुख्य कार्यक्रम में 9 नवंबर को  शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे देहरादून पहुंच जाएंगे। वह करीब ढाई घंटे दून में रहेंगे।एफआरआई में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के बीच यहां एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। पीएम के लिए यहां राज्य के विकास की झलक दिखाने वाली गैलरी और कई अन्य सजावट की गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को सुबह करीब 11 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे।वहां से सेना के हेलिकॉप्टर से इंडियन मिलिट्री एकेडमी (आईएमए) आएंगे। वहीं से भीतर एफआरआई में कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। कड़ी सुरक्षा के बीच प्रधानमंत्री  मोदी यहां करीब 1:15 बजे तक रहेंगे। दोपहर करीब 1:30 बजे वह लौट जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button