उत्तराखण्डदेहरादूनराजनीति

मुख्यमंत्री के रूप में धामी के 5 वर्ष का कार्यकाल, उत्तराखंड के समग्र विकास का स्वर्णिम कालखंड : महेंद्र भट्ट

कहा – धामी का 5 वर्ष सेवा वाला पहला भाजपाई मुख्यमंत्री बनना गौरवशाली
देहरादून । प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद  महेंद्र भट्ट ने  पुष्कर सिंह धामी के बतौर पहले भाजपा मुख्यमंत्री, 5 साल पूरे होने को प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरवशाली उपलब्धि बताया है। उन्होंने सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं एवं प्रदेशवासियों की तरह उनके अत्यंत सफल, शानदार और ऐतिहासिक कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वहीं विश्वास जताया कि विकास, सुशासन और जनकल्याण का उनका ये सफ़र शीघ्र पूर्व सीएम तिवारी के सर्वाधिक कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री से आगे बढ़कर नए इतिहास का सृजन करेगा।
उन्होंने मीडिया को दी प्रतिक्रिया में कहा कि मुख्यमंत्री धामी  के नेतृत्व में राज्य ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए ऐतिहासिक आयाम स्थापित किए हैं। आज हमारी गिनती, ऐसे राज्यों में ही रही है जिसकी उपलब्धियां एवं साहसिक निर्णय देश में नजीर बन रही है। उनका यह कार्यकाल केवल वर्षों की गिनती नहीं, बल्कि उत्तराखंड के समग्र विकास का स्वर्णिम कालखंड है। मुख्यमंत्री धामी ने अपने कार्यकाल में ‘विकल्प रहित संकल्प’ के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करता हुए ऐतिहासिक निर्णयों और सुशासन को धरातल पर साकार किया है। उनके नेतृत्व में समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड ने देश में इतिहास रचा है। इसी तरह धर्मांतरण विरोधी और अतिक्रमण मुक्त अभियान से देवभूमि के मूल स्वरूप को अक्षुण्ण रखने के लिए कड़े कदम उठाए, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ते हुए पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित की, सख़्त नकल विरोधी कानून से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाया और अब तक की सर्वाधिक नौकरियां सुनिश्चित कराई। उनके प्रयासों और दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है कि 3.5 लाख करोड़ का औद्योगिक निवेश राज्य में आ रहा है, प्रति व्यक्ति आय में अभूतपूर्व बढ़ोत्तरी हुई है, जीडीपी और वार्षिक बजट नई ऊंचाइयां की छू रहा है, बेरोजगारी की दर राष्ट्रीय स्तर से नीचे है और इज ऑफ डूइंग तथा सतत विकास के सूचकांकों में राज्य शीर्ष पर पहुँच गया है, चार धामों की भव्यता और सुविधाओं में चामत्कारिक विकास से बारों मास चार धाम यात्रा संभव हुई है, दशकों से लंबित महिलाओं एवं आंदोलनकारियों के आरक्षण को सुनिश्चित किया गया है। इसी तरह केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम के भव्य पुनर्निर्माण, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, ऑल वेदर रोड और सीमांत क्षेत्रों के लिए ‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना जैसी ऐतिहासिक पहलों से उत्तराखंड का कायाकल्प हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री  धामी  के कुशल क्रियान्वयन से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शुमार हो चुका है। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में ‘सशक्त उत्तराखंड @ 2025’ के संकल्प को गति देते हुए यह दशक निश्चित रूप से उत्तराखंड का ही दशक सिद्ध होगा। वहीं उम्मीद जताई कि चंद दिन बाद सीएम के नाम एक और महत्वपूर्ण गौरवशाली उपलब्धि जुड़ने वाली है। वो है, पूर्व सीएम स्वर्गीय एनडी तिवारी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 9 जुलाई को राज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निरंतर सेवा करने वाला पहला मुख्यमंत्री बनना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button